Gorakhpur: महानगर को मिलीं 10 और इलेक्ट्रिक बसें, नए रूटों पर भी दौड़ेंगी
पीएमआई साइट इंचार्ज पवन कुमार ने कहा कि महानगर को 10 और इलेक्ट्रिक बसें मिल गईं हैं। पहले से 15 बसों का संचालन हो रहा था, पर्यटकों को सैर कराने के लिए आईं दो और बसें भी डिपो में खड़ी हैं। अब बसों की संख्या 27 हो गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर में इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े में 10 और बसें शामिल हो गईं हैं। बसें महेसरा डिपो में बुधवार को आकर खड़ी हो गई हैं। पहले 15 बसें संचालित हो रहीं थीं। अब संख्या बढ़कर 25 हो गई है। नई बसों के आने के बाद इनके नये रूटों पर भी संचालन की संभावना को बल मिला है। इसमें सर्वाधिक चर्चा पिपराइच रूट की है।
महानगर के चार रूटों पर वर्तमान में 15 इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन हो रहा है। आरामदायक होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोग इलेक्ट्रिक बसों से सफर कर रहे हैं। लेकिन, बसों की संख्या कम होने के कारण लोगों को बस स्टॉप पर बस के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, ऐसे में यहां इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति ने बसों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया और 10 बसों का ऑर्डर बस बनाने वाली कंपनी को दे दिया। बसें तैयार होने के बाद बुधवार की सुबह महानगर के महेसरा स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो में पहुंच गईं। बसों के पंजीकरण के बाद इन्हें सड़क पर उतार दिया जाएगा।
बन सकता है नया रूट
वर्तमान में महेसरा से सहजनवां, झुंगिया से रानीडिहा, महेसरा से एयरपोर्ट और भटहट से महेसरा रूट पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। 10 नई बसों के आने के बाद जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक है, उन रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं संभावना है कि एक नये रूट पर भी बस का संचालन शुरू किया जाएगा। नये रूट के लिए पिपराइच रोड का नाम चर्चा में है।
रिकॉर्ड कमाई कर रही हैं इलेक्ट्रिक बसें
महानगर में 15 इलेक्ट्रिक बसों से 1.25 लाख रुपये प्रतिदिन की आय का लक्ष्य रखा गया था। इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत हुई थी तो शुरू होने के चार महीने तक इलेक्ट्रिक बस घाटे में चलीं। लेकिन, घाटे से उबरते हुए पहले इलेक्ट्रिक बसों ने मार्च में एक लाख रुपये और फिर मई में आय के निर्धारित लक्ष्य 1.25 लाख को प्राप्त करते हुए 1.30 लाख रुपये की कमाई एक दिन में की।
आएंगी 25 और बसें
गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानगर और आसपास के इलाकों में इलेक्ट्रिक बस संचालन की लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए 25 और बसें देने के निर्देश दिए हैं। 25 और बसों के आने के बाद महानगर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 50 हो जाएगी।
पर्यटकों को सैर कराने आईं दो बसें डिपो में खड़ी
पर्यटकों को सैर कराने के लिए दो अन्य विशेष इलेक्ट्रिक बसें भी आई हैं। ये बसें इलेक्ट्रिक बस डिपो में करीब एक महीने से खड़ी हैं। बताया जा रहा कि बसों का पंजीकरण नहीं हो सका। डिपो में उतारते समय बस का शीशा भी टूट गया था।
पीएमआई साइट इंचार्ज पवन कुमार ने कहा कि महानगर को 10 और इलेक्ट्रिक बसें मिल गईं हैं। पहले से 15 बसों का संचालन हो रहा था, पर्यटकों को सैर कराने के लिए आईं दो और बसें भी डिपो में खड़ी हैं। अब बसों की संख्या 27 हो गई हैं। पुराने रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही एक नये रूट पर भी बसों का संचालन कराया जाएगा।