{"_id":"68f71ac16913319410068bd9","slug":"five-temporary-ponds-were-built-in-gorakhpur-for-the-immersion-of-the-idol-of-goddess-lakshmi-2025-10-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"अब विदाई की तैयारी: दीपावली खत्म...बनाए गए पांच अस्थायी पोखरे, मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का होगा विसर्जन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अब विदाई की तैयारी: दीपावली खत्म...बनाए गए पांच अस्थायी पोखरे, मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का होगा विसर्जन
Tue, 21 Oct 2025 11:01 AM IST
रोहित सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर
Published by: रोहित सिंह
Updated Tue, 21 Oct 2025 11:01 AM IST
सार
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, नगर क्षेत्र में कुल 984 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित हैं, जबकि पूरे जिले में इनकी संख्या 3313 तक पहुंच गई है। प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार से शुरू हो जाएगा और इसके लिए निगम की टीमें स्थल पर तैनात कर दी गई हैं।
विज्ञापन
बनकर तैयार अस्थाई पोखरा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
दीपावली के बाद लक्ष्मी प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां नगर निगम ने पूरी कर ली हैं। इस बार शहर में पांच अस्थायी पोखरे बनाए गए हैं, जिनमें एकला बांध पर तीन तथा महेसरा और डोमिनगढ़ में एक-एक पोखरा शामिल हैं। इन स्थानों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विज्ञापन
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, नगर क्षेत्र में कुल 984 लक्ष्मी प्रतिमाएं स्थापित हैं, जबकि पूरे जिले में इनकी संख्या 3313 तक पहुंच गई है। प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार से शुरू हो जाएगा और इसके लिए निगम की टीमें स्थल पर तैनात कर दी गई हैं। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि विसर्जन स्थलों के आसपास सफाई पूरी कर ली गई है और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्यवेक्षण दल लगातार निगरानी करेगा।
विज्ञापन
विसर्जन स्थलों पर कैंप कार्यालय सक्रिय रहेगा, जहां से अधिकारियों द्वारा पूरे कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा की भी पूरी व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
नगर निगम ने अपील की है कि श्रद्धालु विसर्जन के दौरान प्रशासन की ओर से निर्धारित पोखरों का ही प्रयोग करें और प्रतिमाओं या सजावटी सामग्री को खुले जल स्रोतों में न डालें ताकि पर्यावरण और स्वच्छता दोनों का संतुलन बना रहे।
प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली गई हैं और नागरिकों के सहयोग से लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।