एचटी लाइन में आई खराबी: गोरखपुर शहर के 35 हजार लोगों के घर में पांच घंटे गुल रही बिजली, लोग हुए हाल बेहाल
दोपहर एक बजे से गायब हुई बिजली शाम छह बजे बहाल हो पाई, बरहुआं ट्रांसमिशन से आने वाली एचटी लाइन में आई थी खराबी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में बरहुआं ट्रांसमिशन से शहर आने वाली एचटी लाइन में खराबी आने से रुस्तमपुर, रानीबाग, लाल डिग्गी और नार्मल बिजली घर से जुड़े करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को पांच घंटे तक बिना बिजली के गुजारना पड़ा। दोपहर में बिजली गायब होने से लोगों को कई परेशानियों को झेलना पड़ा।
वहीं, बिजली कर्मियों को फाल्ट ठीक करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस लाइन में आए दिन फाल्ट होने से लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से कई इलाकों में लो वोल्टेज की भी समस्या बनी रहती है।
बिजली कर्मचारियों ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे रुस्तमपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों की सूचना के बाद एसडीओ प्रद्युम्न सिंह और अवर अभियंता विवेक शर्मा ने टीम के साथ गड़बड़ी खोजनी शुरू की। पता चला कि बरहुआं से रुस्तमपुर व लालडिग्गी होते हुए नार्मल उपकेंद्र तक जाने वाली हाईटेंशन लाइन में तकनीकी खामी आ गई है। टीम ने लाइन का सर्वे कर बारी-बारी से सभी फाल्ट को सही किया। इसके बाद शाम छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
कई और इलाकों में हुई कटौती, लो वोल्टेज की रही समस्या
शहर के अन्य इलाकों में भी लगातार बिजली की कटौती होती रही, जिससे लोग परेशान रहे। नंदा नगर, राप्तीनगर, पादरी बाजार समेत कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। लोगों की शिकायत है कि इलाके में काफी दिनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इस वजह से काफी परेशानी होती है। शिकायत के बावजूद निगम के अधिकारी इस समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
एसडीओ प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि बरहुआं एचटी लाइन में खामी आने पर हजारों उपभोक्ताओं की बिजली बंद करनी पड़ती है। बरहुआं से आने वाली लाइन ही चारों बिजली घरों तक जाती है। ऐसे में यदि एक लाइन में फाल्ट आता तो उसे ठीक करने के लिए सभी लाइन को बंद करना पड़ता है। इस वजह से लोगों को दिक्कत होती है।
इन इलाकों में गुल रही बिजली
रूस्तमपुर, रानीबाग, दुर्गाचौक, बगहा बाबा मंदिर, चिलमापुर, महेवी मंडी का कुछ इलाका, ट्रांसपोर्ट नगर, तुर्कमानपुर, साहबगंज, बसंतपुर, रेती रोड, घोषकंपनी, मियां बाजार, लालडिग्गी, जगन्नाथपुर, अलहदादपुर समेत अन्य कुछ इलाकों में बिजली गुल रही।
पांच दिन पहले भी इसी लाइन से 30 हजार घरों में गुल हुई थी बिजली
पांच दिन पहले भी बरहुआं से आने वाली एचटी लाइन में तकनीकी खामी की वजह से लगभग 30 हजार घरों में बिजली गुल हो गई थी। तब, रूस्तमपुर, रानीबाग और लालडिग्गी बिजली घरों से जुड़े इलाकों में बिजली गायब हुई थी। फाल्ट सही करने के दौरान नार्मल बिजली घर को भी 40 मिनट तक बंद करना पड़ा था।