सामाजिक संवाद: गोरखपुर में बोले डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा, अनुसूचित जाति के सामाजिक उत्थान व राजनीतिक भागीदारी का काम कर रही सरकार
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ा, अनुसूचित व अनुसूचित जनजाति का सबसे ज्यादा भला किया है। ज्यादातर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है।
विस्तार
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति के सामाजिक उत्थान और राजनीतिक भागीदारी के लिए लगातार काम कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जीवन स्तर को और बेहतर बनाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बेनीगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पिछड़ा व अनुसूचित वर्ग के सामाजिक संवाद में हिस्सा लिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ा, अनुसूचित व अनुसूचित जनजाति का सबसे ज्यादा भला किया है। ज्यादातर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है। इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। भाजपा को बड़ा समर्थन मिलने वाला है।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ही सबका दुख-दर्द समझती है। भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जहां कार्यकर्ता बूथ अध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष या फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। बंगारू लक्ष्मण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं।
जनता के बीच जाएं, उपलब्धियां बताकर समर्थन मांगें
अनुसूचित जाति के प्रोफेशनल्स (डॉक्टर, फार्मासिस्ट, इंजीनियर, अध्यापक, वकील, पीएचडी व एमएड डिग्रीधारी, व्यावसायी) व सामाजिक कार्यकर्ता बैठे हैं। पहले और अब की सरकार के कामकाज, विकास में अंतर साफ समझ में आता है। अब जरूरत भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाकर समर्थन मांगने की है। सामाजिक संवाद के क्षेत्रीय संयोजक विनोद भारती ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को नमन किया।
चुनाव में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय आए उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने युवाओं को भी साधा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका महत्चपूर्ण होगी। युवा मोदी-योगी के कामकाज से प्रभावित हैं। अब युवा मोर्चा योद्धा तैयार हो जाएं। सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता बीच जाएं। समर्थन मांगें। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।
इस मौके पर भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरुषार्थ सिंह ,महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ मिश्रा, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, विभ्राट चंद कौशिक, बांसगांव से भाजपा विधायक विमलेश पासवान, सूरज राय, कर्मवीर सिंह, अमित नारायण मल्ल, रजत गुप्ता, हर्ष श्रीवास्तव, राहुल साहनी, राहुल गिरी, राहुल राणा चौबे, अभिषेक श्रीवास्तव, शशांक द्विवेदी, आलोक, आनंद, शिवम सिन्हा, विजय यादव, विजय जायसवाल, नेहामणि आर्या और धर्मनाथ खरवार मौजूद रहे।