पूर्वांचल का स्पोर्ट्स हब बनेगा गोरखपुर विश्वविद्यालय, खिलाड़ियों को मिलेगी ये खास सुविधा
- सिंथेटिक एथलीट ट्रैक, स्वीमिंग पूल, हॉकी का एस्ट्रोटर्फ मैदान व बहुउद्देश्यीय भवन बनाने की तैयारी
- राज्य सरकार को भेजा 22 एकड़ जमीन पर निर्माण का 32.7 करोड़ रुपये का प्रस्ताव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय पूर्वांचल के स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित होगा। विश्वविद्यालय परिसर के अंदर सिंथेटिक एथलीट ट्रैक, स्वीमिंग पूल, हॉकी का एस्ट्रोटर्फ मैदान और अन्य खेलों के लिए बहुउद्देशीय भवन का निर्माण होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद कुलपति प्रो. राजेश सिंह के निर्देश पर इन कार्यों के लिए 32.7 करोड़ का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय से 339 महाविद्यालय संबद्ध हैं और करीब 2.5 लाख विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों से बहुत सारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। लेकिन संसाधनों के अभाव में खिलाड़ी दूसरे राज्यों की ओर रुख कर लेते हैं। खेलों को बढ़ावा देने के मकसद से विश्वविद्यालय की ओर से यह पहल की गई है।
क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर खेल को समृद्ध बनाने के लिए 32.7 करोड़ की चार योजनाएं तैयार की गई हैं। प्रस्ताव के मुताबिक 22 एकड़ जमीन में इसे तैयार किया जाएगा। इसका सीधा लाभ खिलाड़ियों को मिलेगा। यहां से अच्छी संख्या में खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे।
आठ लेन का बनेगा सिंथेटिक एथलीट ट्रैक
विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन स्टेडियम परिसर में आठ लेन का सिंथेटिक एथलीट ट्रैक तैयार करने का प्रस्ताव बना है। इसकी लागत 9.12 करोड़ रुपये आएगी। यह ट्रैक 400 मीटर का होगा।
रात में भी हो सकेगा हॉकी का मैच
हॉकी के लिए एस्ट्रोटर्फ का मैदान बनेगा, चारों तरफ रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। ताकि रात में भी हॉकी के मैच खेले जा सकें। यह मैदान क्रीड़ा संकुल भवन के पास बनेगा। इसके लिए 8.46 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
50 गुणा 25 मीटर में होगा स्वीमिंग पूल
दीक्षा भवन के सामने खेल मैदान में स्वीमिंग पूल तैयार करने की योजना है। 50 गुणा 25 मीटर के क्षेत्रफल में स्वीमिंग पूल तैयार होगा। इसमें कई लेन बनेंगे ताकि खिलाड़ी अपनी तैराकी कर सकें। यही नहीं, बाहरी लोगों को भी कुछ शुल्क लेकर तैराकी सिखाई जाएगी। स्वीमिंग पूल के लिए 5.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
9.61 करोड़ से बनेगा बहुउद्देशीय भवन
गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बताया कि हमारी कोशिश है कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। ताकि अच्छे खिलाड़ी यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएं। युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत 32.7 करोड़ के चार प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेज दिए गए हैं। उम्मीद है कि राज्य सरकार की संस्तुति पर केंद्र सरकार से बजट जारी हो जाएगा।