गोरखपुर: शख्स ने भांजे के मोबाइल पर भेजा 'सॉरी' का मैसेज, सुबह इस हाल में मिला शव
झंगहा इलाके के लक्ष्मीपुर में बुधवार की सुबह सात बजे खेत में सागौन के पेड़ से पच्चीस वर्षीय प्रकाश का शव मफलर (स्टॉल) के सहारे लटकता मिला। ग्रामीणों व परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में जुट गई है। मृृतक के मोबाइल फोन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर के हरिजन बस्ती टोला निवासी इंदल का पच्चीस वर्षीय बेटा प्रकाश बंगलूरू में रहकर पेंट पालिश का काम करता था। कोरोना संक्रमण के चलते वह बीते 21 मार्च को बंगलूरू से गांव लौट आया। तभी से वह घर पर रह रहा था। परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात नौ बजे उसने परिवार के साथ भोजन किया और घर के बाहर बरामदे में सो गया।
सुबह घरवाले उठे तो वह बिस्तर पर नहीं था। घरवालों ने सोचा कि इधर उधर गांव में कहीं गया होगा। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने प्रकाश का शव उसके घर से दो सौ मीटर दूर स्थित खेत में सागौन के पेड़ से मफलर के सहारे लटकता हुआ देखा। ग्रामीणों ने उसके घरवालों को सूचना दी। युवक का शव देखकर घरवाले बिलख-बिलख कर रोने लगे।
भांजे के मोबाइल पर भेजा था मैसेज
प्रकाश ने मंगलवार की देर रात अपने भांजे अर्जुन के मोबाइल पर मैसेज भेजा था। जिसे उसके भांजे ने सुबह देखा। अर्जुन के अनुसार प्रकाश ने लिखा था कि तुम दीदी का ख्याल रखना। सॉरी सॉरी सॉरी बॉय बॉय बॉय। जिसके बाद पुलिस ने अर्जुन और प्रकाश के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया है। अर्जुन भी प्रकाश के ही घर रहता है और यहीं से पढ़ाई करता हैं। घरवालों ने खुदकुशी करने की आशंका जताई है। प्रकाश आठ भाइयों में चौथे नंबर का था।
पहली पत्नी के साथ रहना चाहता था
प्रकाश की शादी चार वर्ष पूर्व जौनपुर जिले के पतरही गांव निवासी मनीषा से हुई थी। शादी के एक वर्ष बाद ही पति से अलग होकर उसे छोड़कर मायके चली गई और वहीं रहने लगी। जिसके कुछ माह बाद घरवालों ने प्रकाश की दूसरी शादी एक गरीब महिला से करा दी। घरवालों के अनुसार प्रकाश दूसरी पत्नी के साथ नहीं रहना चाहता था। इसलिए उसने दूसरे पत्नी को छोड़ दिया।
जिसके बाद दूसरी पत्नी भी कुछ दिनों बाद चली गई। प्रकाश अधिकांश बंगलूरू में ही रहता था। बहुत कम ही गांव आता था। दो वर्ष बाद वह तीन दिन पूर्व गांव लौटा था। घरवालों के अनुसार वह पहली पत्नी के साथ रहने के लिए परेशान था। हालांकि चर्चा है कि कोरोना से काम छूटने की वजह से उसने खुदकुशी की है। लेकिन घरवालों ने इससे इंकार किया है।
सीओ चौरीचौरा रचना मिश्रा ने कहा कि युवक का शव खेत में फंदे से लटका मिला है। अबतक की जांच में प्रथमदृष्टया खुदकुशी करने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।