बेवजह सड़क पर घूमने वाले हो जाएं सावधान, वरना जेल जाने के लिए रहें तैयार
- पहले लगेगा जुर्माना, नहीं देने पर भेजे जाएंगे जेल, एक जुलाई से अभियान
- रेलवे के डेयरी कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में प्रशासन ने बनाई अस्थायी जेल
- सोशल डिस्टेंसिंग के साथ 500 लोग रखे जा सकेंगे इस अस्थायी जेल में
- नियम तोड़ने वाले दुकानदार, बेवजह घूमने वाले भी आएंगे कार्रवाई की जद में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तमाम अपीलों और सख्ती के बाद भी शासन, कोरोना से बचाव को लेकर प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी कर खुद के साथ ही अपनों व समाज के लिए भी मुश्किल खड़ी करने वालों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई होगी।
मास्क न लगाने वाले और सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी करने वालों के खिलाफ एक जुलाई से अभियान चलाकर पहले तो चालान काटा जाएगा। चालान की रकम नहीं जमा कर पाने पर जिला प्रशासन की तरफ से नामित मजिस्ट्रेट के सामने पेशी होगी, जिसके बाद उन्हें जेल तक भेजा जा सकता है।
ऐसे मामलों के लिए जिला प्रशासन ने रेलवे प्रशासन की अनुमति के बाद डेयरी कॉलोनी स्थित रेलवे के कम्युनिटी हॉल को अस्थायी जेल बनाई है। वहां सोशल डिस्टेसिंग के साथ 500 लोग रखे जा सकते हैं। कार्रवाई की जद में रोस्टर की अनदेखी कर दुकान खोलने वाले और अपनी दुकानों के सामने सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित न कर पाने वालों के साथ ही बेमकसद सड़क पर घूमने वाले भी आएंगे।
जिला प्रशासन के मुताबिक अनलॉक-1 का कुछ लोग गलत फायदा उठा रहे हैं। जिन्हें कोई जरूरत नहीं है वह भी सड़क पर न केवल निकल रहे हैं, बल्कि सोशल डिस्टेंसिंग समेत अन्य जरूरी सावधानियों की भी अनदेखी कर रहे हैं। अब जबकि कोरोना संक्रमण के मामले पहले से ज्यादा बढ़े हैं।
तमाम मरीजों में लक्षण भी नहीं दिखाई पड़ रहे। ट्रेवल हिस्ट्री यानी ऐसा भी नहीं है कि वे दिल्ली, मुंबई जैसे ज्यादा संक्रमित शहरों से आए हों। ऐसे में मास्क न लगाने वाले, सोशल डिस्टेंसिंग और रोस्टर की अनदेखी करने वाले दुकानदार आदि चुनौती बन गए हैं। इनसे संक्रमण और फैलने का खतरा है।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि रेलवे कम्युनिटी हॉल को अस्थायी जेल बनाया गया है, जहां 500 लोग दूरी बनाकर आराम से रह सकते हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी प्रोटोकॉल की अनदेखी करने वालों पर अब सख्ती बढ़ाई जाएगी।
अभियान चलाकर ऐसे लोगों का चालान काटा जाएगा और चालान की रकम नहीं जमा करने वालों को इस अस्थायी जेल में भेजा जाएगा। खुद के साथ ही अपनों और समाज की सुरक्षा के लिए सभी से अपील है कि वे बिना काम के घर से न निकलें। अगर जरूरी है तो बिना मास्क के न निकलें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।