तिलक समारोह में घुस कर डीजे पर की अश्लील हरकत, रोकने पर हुई मारपीट, केस दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खोराबार इलाके के जंगल सिकरी स्थित एक तिलक समारोह में गुरुवार की रात घुसे मनबढ़ युवक ने डीजे पर चढ़कर हंगामा और अश्लील हरकत की। जब उसे मना किया गया तो उसने अपने साथियों को बुलाकर लोगों से मारपीट की। मारपीट में 12 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने तीन मनबढ़ युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में शुक्रवार की सुबह पुलिस को तहरीर दी गई है। देर रात पुलिस ने पीड़ित रामदरश के ओर से सुनील की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, घर में घुसने व गैर इरादतन हत्या के प्रयास की कोशिश करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से बुद्धू निषाद की पत्नी ज्ञानती देवी ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि तिलक में डीजे पर अश्लील गाना बज रहा था। अश्लील गाना न बजाने के लिए मना करने पहुंचने पर रामदरश के पक्ष ने मारपीट और छेड़छाड़ की।
डांस करने से रोका तो हो गए उग्र
जानकारी के अनुसार, जंगल सिकरी बाईपास निवासी रामदरश के घर गुरुवार को तिलक समारोह था। इसी दौरान डीजे पर पड़ोस का एक युवक शराब के नशे में चढ़ गया और डांस करते हुए अश्लील हरकत करने लगा। रामदरश ने मना किया तो वह उग्र हो गया।
उसने अपने कुछ दोस्तों को फोन कर समारोह में बुला लिया। जिसके बाद युवकों ने तिलक समारोह में आए लोगों को लाठी डंडे से पीट दिया। जिसमें रामदरश के घर की छह महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सुनील एवं विजय को जिला अस्पताल भिजवाया और अन्य घायलों को खोराबार पीएचसी भिजवाया। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर नासिर हुसैन का कहना है कि मारपीट हुई है, कुछ लोग घायल हैं। तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।