Corona in Basti: हॉटस्पॉट इलाकों में लगेगा कैंप, ऐसे होगी कोरोना संक्रमितों की पहचान
- बुधवार को मिल्लतनगर में लिया जाएगा लोगों का नमूना
- हॉटस्पॉट एरिया में रैपिड रिस्पांस टीम घर-घर से ले रही नमूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना को लेकर प्रशासनिक महकमा अलर्ट हो गया है। अब तक जांच में मिले 23 पॉजिटिव मामलों में से 13 निगेटिव हो गए, जबकि एक की मौत हो गई है। इस प्रकार अब जिले में मात्र नौ पॉजिटिव केस हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जिन स्थानों से यह केस मिले हैं उन पांच स्थानों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है।
अब प्रशासनिक तंत्र इन स्थानों पर रहने वालों के नमूनों की जांच कराएगा। इसके लिए प्रशासन ने चरणबद्ध ढंग से हॉटस्पॉट में रहने वाले सभी लोगों का नमूना एकत्रित करने के लिए अस्थायी चैंबर स्थापित किया है। मंगलवार को तुरकहिया में जबकि बुधवार को मिल्लतनगर में यह कैंप लगेगा।
शहर के तीन व पुरानी बस्ती व मुंडेरवा क्षेत्र के दो स्थानों यानी पांच तुरकहिया, मिल्लतनगर, गिदही खुर्द, पसरा जाफर व जमोहरा में पॉजिटिव केस मिले हैं। इन स्थानों को प्रशासन ने हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। यहां आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इस क्षेत्र से सटे इलाकों में कोई भी संस्थान व दुकान खोलने की अनुमति नहीं है।
अब तक भेजे गए 1734 नमूने, 286 लंबित
अब इस क्षेत्र में रहने वालों के नमूनों की जांच की व्यवस्था भी प्रशासन ने कर दी है। 27 अप्रैल को तुरकहिया में 70 लोगों का नमूना एकत्रित करने के लिए चिन्हित किया गया। इसके बाद देर शाम तक नमूना एकत्रित हुआ, मगर यह कार्य पूरा नहीं हुआ।
नतीजतन मंगलवार को भी तुरकहिया में ही कैंप लगाया गया। दोपहर बाद रैपिड रिस्पांस टीम ने यहां लोगों का श्वाब एकत्रित किया। अब बुधवार को मिल्लतनगर में पचास से अधिक लोगों का नमूना लेने के लिए अस्थायी चैंबर बनाया जाएगा, जिसमें आरआरटी की तकनीकी टीम लोगों का नमूना ले सकेगी।
जिले में कोरोना जांच के लिए 1734 नमूना बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर को भेजा गया, जिसमें से 1448 की रिपोर्ट आ गई है। इसमें 1426 निगेटिव पाए गए, जबकि 23 का नमूना पॉजिटिव पाया गया था, उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि 13 की तीसरी जांच निगेटिव पाए जाने पर उन्हें घर भेज दिया गया, जहां 15 दिन क्वारंटीन रहना है। यह जानकारी कोरोना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. फख्रेयार हुसैन ने दी है।