दिल्लीः नशे में धुत चालक ने महिला पर चढ़ा दी कार, एसआई ने कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मयूर विहार के चिल्ला गांव में शुक्रवार शाम नशे में धुत एक व्यक्ति ने सब्जी लेने निकली महिला पर कार चढ़ा दी। कार रोकने की बजाय आरोपी ने भागने की कोशिश। मौके पर पहुंचे लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने कार को नहीं रोका और सड़क पर गिरी महिला के ऊपर कार के दोनों पहिए चढ़ाकर भागने लगा। हालांकि बाद में वह पकड़ा गया।
महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया। वीडियो में कार चालक को पुलिसकर्मी बताया गया तो पुलिस उपायुक्त ने इससे इंकार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी भानू प्रताप पानी का सप्लायर है। उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक हाजिरन (50) परिवार के साथ चिल्ला गांव में रहती हैं। शाम को वह घर से सब्जी लेने बाजार गई थी। इसी दौरान मेन रोड पर एसबीआई एटीएम के सामने सफेद रंग की कार ने हाजिरन को टक्कर मार दी। इससे वह कार के आगे गिर गई। सड़क पर मौजूद लोगों ने उनको उठाने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक हाजिरन पर कार का अगला और पिछला पहिया चढ़ाकर भागने लगा। भ़ीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के पुलिसकर्मी होने का मैसेज वायरल
सीसीटीवी फुटेज में 31 सेकेंड का वीडियो दिख रहा है। इसके साथ मैसेज वायरल कर दिया गया कि कार चला रहा युवक पुलिसकर्मी था, उसे पुलिस ने छोड़ दिया। घटना के बाद पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त जसमीत सिंह ने बताया कि युवक पुलिसकर्मी नहीं है। वह कोटला में रहता है और पानी की सप्लाई करता है। हादसे के समय वह बनशे में धुत था।
एसआई ने नशे में महिला को टक्कर मारी
उधर, गाजीपुर इलाके में शुक्रवार शाम शराब के नशे में धुत दिल्ली पुलिस के एसआई ने कुर्सी पर बैठी बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने कार रोकी नहीं वह कुर्सी समेत महिला को दूर तक घसीटता हुआ ले गया। जख्मी हालत में पीड़िता नूर जहां (60) को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नूरजहां परिवार के साथ गाजीपुर में रहती हैं। शाम करीब 7.15 बजे वह घर के आगे सड़क के एक ओर कुर्सी पर बैठी थीं। इसी दौरान आरोपी एसआई योगेेंद्र कुमार (35) ने नूरजहां को कार से टक्कर मार दी। योगेंद्र पीसीआर में तैनात हैं। हादसे के समय वह अपनी ड्यूटी खत्म कर मयूर विहार स्थित अपने घर लौट रहा था। कार चलाते समय वह वर्दी में भी नहीं था। पुलिस ने आरोपी एसआई को गिरफ्तार कर लिया है।