नोएडाः दिनदहाड़े महिला की खौफनाक हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा सेक्टर-62 स्थित रजत विहार के फ्लैट में मंगलवार को दिनदहाड़े धारदार हथियार से महिला की हत्या कर दी गई। महिला के पति ने लूटपाट के इरादे से कत्ल करने की आशंका जताई है। घर से नगदी और जेवर भी गायब बताए जा रहे हैं।
दूसरी मंजिल के फ्लैट के दरवाजे पर खून के निशान मिले हैं। किचन में महिला का खून से लथपथ शव पड़ा था। स्कूल से लौटने पर 16 वर्षीय बेटे ने करीब सवा दो बजे खून से लथपथ मां को देखा।
इसके बाद उनको सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना सेक्टर-58 ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
हालांकि, पुलिस ने लूट की आशंका से इनकार किया है। वहीं, घटना की सूचना पाकर एसएसपी प्रीतिंदर सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बेहद सुरक्षित माने जाने वाले रजत विहार कॉलोनी में गृहणी की हत्या की खबर पता चलते ही कॉलोनी में लोगों के बीच डर दिखाई दिया।
घर से नगदी और जेवर गायब
जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से उत्तराखंड के रामनगर निवासी मदन सिंह अधिकारी तीन साल से सेक्टर-62 स्थित रजत विहार के बी ब्लॉक में 69-सी अपार्टमेंट में पत्नी अंजू उर्फ अनीता अधिकारी (43), बेटी गरिमा (19) और बेटे रजत (16) के साथ रहते हैं।
उनका सेक्टर-22 के चौड़ा रघुनाथपुर में कंक्रीट मिक्सर प्लांट के पार्ट्स बनाने का काम है। मंगलवार दोपहर को अंजू घर में अकेली थीं। करीब सवा दो बजे उत्तराखंड पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला रजत जब घर पहुंचा तो उसने किचन में खून से लथपथ मां को देखा।
अंजू के सिर के पीछे, हाथ, माथे और गाल पर धारदार हथियार के निशान थे। वहीं, गले में कटे के निशान के ऊपर चुन्नी बंधी हुई थी जबकि उसके ऊपर कई बार टेप लगा हुआ था। घटनास्थल पर खून से सनी कैंची मिली है।
इसके बाद रजत ने पास ही मदर डेरी पर मौजूद सोनू नामक युवक को इसकी जानकारी दी। इस पर सोनू ने मदन सिंह को फोन किया और पुलिस को जानकारी दी।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक मदन सिंह अंजू को कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदन सिंह ने बताया कि अलमारी से जेवर व रुपये गायब हैं।
सीओ सेकंड विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि फ्लैट में महिला का शव मिलने की सूचना मिली है। किसी धारदार हथियार से हत्या की गई है। मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
वारदात में हो सकता है परिचित का हाथ
घटनास्थल को देखकर लग रहा है कि किसी परिचित ने महिला की हत्या की होगी। अंजू के शरीर पर जेवर मौजूद थे इसलिए पुलिस लूट के इरादे से हत्या की बात से इनकार कर रही है। सेक्टर-58 थाना प्रभारी चरण सिंह शर्मा ने बताया कि मदन सिंह ने घर में एक पग (डॉगी) भी पाला हुआ है।
वारदात के दौरान वह उसके भौंकने से ही आसपड़ोस में जानकारी मिल सकती थी लेकिन वह एक अलग कमरे में बंद था। घर में हत्यारों की एंट्री फ्रेंडली होने की आशंका है। महिला के पति ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने घर से 25 हजार रुपये लिए थे, जिनमें से दस हजार रुपये दो दिन पहले रख दिए थे।
रुपये घर में ही मिले हैं। किचन में रखे फ्रिज के ऊपर पत्नी का एक पर्स रखा था, जिसमें दो हजार रुपये रखे थे। वह भी पर्स में ही मिले। उनका कहना है कि अलमारी में रखे जेवर और रुपये गायब मिले हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात करने वाले का मुख्य उद्देश्य हत्या ही था। पुलिस ने जांच के लिए एसआईएस, क्राइम ब्रांच सहित सर्विलांस टीम की भी मदद ले रही है।