Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से उमस भरी गर्मी से मिली थोड़ी राहत, बरसात का यलो अलर्ट है जारी
पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में मानसून के कमजोर पड़ने के कारण तेज बारिश नहीं हो रही। हालांकि मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ी है, लोगों को तेज बारिश का इंतजार था। हालांकि, आज सुबह से कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं, जिससे कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मानसून के कमजोर पड़ने के कारण झमाझम बारिश नहीं हो रही। इसके परिणामस्वरूप, उमस और गर्मी का प्रकोप बढ़ा हुआ है। वहीं, उमस और गर्मी का ऐसा आलम रहा कि दिल्ली में सोमवार की सुबह दो साल बाद सबसे गर्म रही।
दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले 22 अगस्त 2023 को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं तीन दिन से कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है लेकिन लोगों को सावन वाली तेज बारिश का इंतजार है जिससे कि उमस से राहत मिल सके।
सोमवार को सुबह घने बादलों से बारिश की उम्मीद बनी थी लेकिन बादल बरसे बिना चले गए। जबकि दिन भर उमस वाली गर्मी ने परेशान किया। अधिकतम आर्द्रता का स्तर 88 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता का स्तर 67 फीसदी रहा।
पूरे सप्ताह हल्की बूंदाबांदी का अनुमान
मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है और सुबह व दोपहर के समय बारिश होने का अनुमान है। साथ ही शाम या रात को भी बारिश हो सकती है। वहीं पूरे सप्ताह भी हल्की बूंदाबांदी का अनुमान विभाग ने जताया है। चार से नौ अगस्त के दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। उमस अभी परेशान करती रहेगी।