Delhi: डिलीवरी बॉय ने लूटी थी दूल्हे से नोटों की माला, बोले- नशे की लत है; खाना पहुंचाकर नहीं होती जरूरत पूरी
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं। स्विगी के खाने डिलीवरी करने से उनकी जरूरतें पूरी नहीं हो पाती हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के जगतपुरी इलाके में बरात चढ़त के दौरान स्विगी के दो डिलीवरी बॉय ने दूल्हे के गले में पड़ी नोटों की माला देखी को उनका मन ललचा गया। नाच-गाने के दौरान आरोपियों ने दूल्हे के गले से 500-500 के नोटों की माला तोड़ी और स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद शाहदरा जिला पुलिस ने इस गुत्थी को सुलझाते हुए दोनों स्विगी बॉय को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसमीत सिंह (26) और राजीव महतो (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए एक लाख रुपये में से 10 हजार रुपये के अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कूटी व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि 31 जनवरी को जगतपुरी थाना पुलिस को लूटपाट की एक शिकायत मिली थी। पालम, डाबड़ी निवासी अंकित गुप्ता ने बताया कि वह अपने भाई अनु गुप्ता की बरात लेकर स्टार पैलेस, गीता कॉलोनी में आया था। बरात की चढ़त हो रही थी। अनु गुप्ता के गले में नोटों की एक माला थी, जिसमें एक लाख रुपये मौजूद थे। तभी एक लड़का वहां पहुंचा और दूल्हे के गले से नोटों की माला तोड़कर अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर फरार हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के बाद करीब पांच से छह किलोमीटर के करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके आधार पर पुलिस गीता कॉलोनी में जसमीत के घर पहुंची। वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से कुछ रकम और स्कूटी बरामद हो गई।
जसमीत से पूछताछ के बाद पुलिस ने झील, गीता कॉलोनी इलाके से दूसरे आरोपी राजीव महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि दोनों नशे के आदी हैं। स्विगी के खाने डिलीवरी करने से उनकी जरूरतें पूरी नहीं हो पाती हैं। ऐसे में वह छोटी-मोटी वारदातों को अंजाम देते रहते हैं। दोनों आरोपी इससे पूर्व भी लूटपाट और झपटमारी की वारदातों में शामिल रहे हैं।