अंधाधुंध फायरिंग की तड़तड़ाहट से गूंजा पूरा इलाका, मशहूर डॉक्टर पर चलाईं 13 राउंड गोलियां..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण दिल्ली का फतेहपुरबेरी इलाका शनिवार रात गोलियां की आवाजों से थर्रा उठा। मशहूर आर्थो (हड्डी) सर्जन डॉक्टर हंस नागर जब अपने फार्म हाउस में घुस रहे थे, तभी दो बाइकों पर आए चार लोगों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
डॉक्टर की कार में ही 25 से 30 गोलियां लगी हैं। डॉक्टर को चार गोलियां लगने के बाद गुरुग्राम स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर है।
पुलिस को मौके से 22 खोखे व 2 कारतूस मिले हैं। बचाव में डॉक्टर ने भी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से 12 से 13 राउंड गोलियां चलाई थीं। डॉक्टर ने अपने दो भाइयों व चार अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों भाइयों को रविवार दोपहर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। भाइयों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है। पुलिस ने फार्म हाउस के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है।
कार से लौट रहे थे फार्म हाउस
दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि डॉ. हंस नागर नागर एस्टेट फार्म हाउस नंबर-139 गदईपुर, फतेहपुरबेरी में परिवार के साथ रहते हैं। उनका मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के पास हड्डियों का निजी अस्पताल है।
शनिवार रात वे अपनी कार से फार्म हाउस लौट रहे थे। करीब 11:30 बजे वे फार्म हाउस में घुसे, तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाश पीछे घुस आए। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के समय वह कार में अकेले थे।
बताया जा रहा है कि मौके पर 35-40 गोलियां चलीं। डॉ. नागर को पेट और छाती में चार गोलियां लगी हैं। डॉ. नागर ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से 12-13 गोलियां चलाईं। रात करीब 1:05 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
गुुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया
डॉ. नागर को वसंत कुंज स्थित फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें गुुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल भेज दिया गया। डॉ. नागर की हालत गंभीर है।
हालांकि डीसीपी का कहना है कि उन्होंने अपने बयान में दो भाइयों जॉहन और रोन व चार अन्य लोगों पर गोली मारने का संदेह जताया है।
डॉक्टर का कहना है कि उनकी जवाबी फायरिंग में एक-दो हमलावरों को गोली लगी हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फार्म हाउस के गेट पर गार्ड तैनात रहते हैं।