Delhi: IGI हवाई अड्डे पर चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, 10 लाख का माल बरामद; आठ गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2018 से लोडर का काम करता है। उसकी तनख्वाह 18 हजार रुपये है, जिससे उसका गुजारा नहीं चलता है।
विस्तार
आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर यात्रियों के बैगेज से सामान चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एयरलाइन कंपनी की सतर्कता टीम के साथ मिलकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी हवाई अड्डा पर लोडर का काम करते थे। इनके कब्जे से पुलिस ने 10 लाख रुपये कीमत के गहने, छह घड़ी, एक आइफोन, 1.15 लाख रुपये व अन्य सामान बरामद किए हैं। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस चार मामले सुलझाने का दावा कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पाल, गौतम कुमार, मोशीन खान, राहुल यादव, यशविंदर, पप्पी कुमार, नीरज कुमार व कमल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने एयरलाइंस के लोडर पर निगरानी शुरू की। साथ ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। जांच में दीपक पाल नामक लोडर की संदिग्ध गतिविधि को देखकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह ग्राउंड हैंडलिंग असिस्टेंट प्रोवाइडिंग कंपनी की ओर से यहां पर वर्ष 2018 से लोडर का काम करता है। उसकी तनख्वाह 18 हजार रुपये है, जिससे उसका गुजारा नहीं चलता है।
पैसे के लालच में वह यात्रियों के बैग से चोरी करने लगा। धीरे-धीरे उसके संपर्क में सात अन्य लोडर आ गए। फिर सभी ने गैंग बनाकर यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने लगे। पुलिस ने उसके निशानदेही पर सात अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि चोरी करने के बाद आरोपी चोरी किए गए सामान को अंडरगार्मेंट में छिपाकर एयरपोर्ट से बाहर आ जाते थे। बाद में चोरी का सामान बेच देते थे।