शादी समारोह में गए युवक की मौत, हत्या का अंदेशा
शादी समारोह में गए युवक की रहस्यमय हालत में मौत हो गई। उसका शव समारोह स्थल के पास एक पार्क में पड़ा मिला। परिजनों
अंदेशा है कि किसी ने उसे खाने में ‘जहर’ मिलाकर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जगदीशनगर में सूरज (18) परिवार के साथ रहता था।
शाहजहांपुर के गांव गुलड़िया का रहने वाला था। सूरज की मां लक्ष्मी ने बताया कि रात नौ बजे घर से वह ऊदल नगर में हो रहे एक शादी समारोह को देखने गया था। रात तक वापस नहीं आने पर सुबह उसकी तलाश की गई।
कई लोगों
से पूछताछ की गई, लेकिन सूरज का पता नहीं चला। इस दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी ने पूछताछ के दौरान लक्ष्मी को बताया कि ऊदल नगर में मेंहदी पार्क के सामने एक शव मिला है।
मौके पर जाकर देखा तो शव सूरज का था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। लक्ष्मी ने अंदेशा जताया है कि किसी व्यक्ति ने उसे खाने के दौरान कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हुई है।
हालांकि सूरज की किसी से रंजिश होने से मां लक्ष्मी ने इंकार किया। एसओ सिहानीगेट रणवीर सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इकलौता बेटा था सूरज
लक्ष्मी ने बताया कि सूरज के अलावा उनकी एक बेटी चांदनी है। सूरज उनका इकलौता बेटा था। ज्यादातर समय वह शाहजहांपुर में रहता था। करीब 15 दिन पहले ही वह गाजियाबाद आया था।