बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत, तीन घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कंझावला इलाके में शुक्रवार दोपहर बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से उसमें दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
हालांकि मरने वाले मजदूर को बचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे लोक नायक अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कंझावला के पंजाब खोड़ इलाके में शुक्रवार दोपहर कुछ मजदूर एक मकान के बेसमेंट की खुदाई कर रहे थे। करीब बीस फीट की खुदाई हो चुकी थी।
इसी दौरान अचानक मिट्टी का ढेर नीचे गिर गया और चार मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी कैट्स एंबुलेंस को भी दी गई।
ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
पीसीआर में तैनात हवलदार राजेश, सिपाही सुरेंद्र और अमित ने मजदूरों के साथ मिलकर मिट्टी को हटाया और नीचे दबे चार मजदूरों को बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां गांव मनहौर फतेहपुर उत्तर प्रदेश निवासी कृष्णपाल (26) की तबियत बिगड़ने पर उसे लोकनायक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कृष्णपाल को लोकनायक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पहले ही उसकी मौत हो गई।
वहीं मनहौर फतेहपुर उत्तर प्रदेश निवासी साधु, प्रधान और एक अन्य मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मजदूरों से यह काम ठेकेदार करवा रहा था।
ठेकेदार ने घटनास्थल पर सुरक्षा के लिए किसी तरह का कोई जाल नहीं लगाया था। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।