दिल्ली, मेरठ एक्सप्रेसवे पर बनेंगे सात अंडरपास, एक-दूसरे शहर जाने का रास्ता होगा आसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन कॉरिडोर पर नोएडा-गाजियाबाद को कई स्थानों पर अंडरपास से जोड़ा जाएगा। यह अंडरपास अगले तीन माह में तैयार हो जाएंगे। इनका 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दरअसल, दिल्ली की ओर से आने के क्रम में हिंडन कैनाल से लेकर नोएडा के शनि मंदिर से आगे हिंडन ब्रिज तक सात अंडरपास तैयार किए जा रहे हैं। यह अंडरपास कई स्थानों पर नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ेंगे। इनके तैयार हो जाने पर नोएडा-गाजियाबाद के बीच ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के सेंट्रल में 6 लेन का एक्सप्रेसवे हैं। वहीं दोनों साइड में चार-चार लेन का नेशनल हाइवे है। फिलहाल दोनों ओर के हाइवे के भाग में सातों अंडरपास का काम पूरा हो चुका है। अब इसके बाद एक्सप्रेसवे के भाग में अंडरपास का काम शुरू होगा। इसके लिए पहले ट्रैफिक को हाइवे की साइड में बनी नई सड़क पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद सेंट्रल में काम शुरू होगा। यह डायवर्जन दोनों साइड में होगा।
हिंडन कैनाल से शनि मंदिर हिंडन ब्रिज तक सात अंडरपास
हिंडन कैनाल से चलते हुए पहला साईं मंदिर और आईटीआई के पास, दूसरा मकनपुर गांव, तीसरा काला पत्थर, चौथा शिप्रा मॉल, पांचवां सीआईएसएफ कट, छठा सेक्टर-63 और सातवां शनि मंदिर से हिंडन ब्रिज के बीच में अंडरपास होगा।
सात में से तीन अंडरपास होंगे वन-वे
सातों अंडरपास में से शिप्रा मॉल, सीआईएसएफ कट और शनि मंदिर-हिंडन ब्रिज के बीच वाला अंडरपास वन-वे होगा। यानी यहां वाहन एक ओर से ही आ पाएंगे। वहीं चार अंडरपास आईटीआई के पास, मकनपुर, काला पत्थर और सेक्टर-63 के अंडरपास ऐसे होंगे, जहां आने और जाने की सुविधा होगी। यह अंडरपास तीन लेन का होगा। यानी वन-वे अंडरपास भी तीन लेन का होगा। वहीं जहां दोनों ओर से आने जाने की सुविधा होगी। वह भी दोनों ओर से तीन-तीन लेन का होगा।
शनि मंदिर के पास वाले सेक्शन में हुआ है डायवर्जन
एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक शनि मंदिर के पास वाले सेक्शन में सेक्टर-62 की ओर आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर नई लेन में लाया गया है। एक सप्ताह में एनआईबी चौकी तक नोएडा साइड का पूरा ट्रैफिक नई लेन में डायवर्ट हो जाएगा। इसके बाद सेंट्रल वाले भाग में अंडरपास का काम होगा।
मॉडल टाउन को छोड़कर सभी पुराने अंडरपास होंगे बंद
सेक्टर-62 में मॉडल टाउन अंडरपास को छोड़कर सभी पुराने अंडरपास बंद हो जाएंगे। इसमें सीआईएसएफ कट के पास पुराना अंडरपास पहले ही बंद हो चुका है। वहीं शिप्रा मॉल के पास अंडरपास अभी चल रहा है। इसे भी बंद कर दिया जाएगा।
सेक्टर-63 अंडरपास में हाइवे के भाग का काम पूरा हो चुका है। यही नहीं इसके बीच के भाग का काम भी शुरू हो चुका है। यहां ट्रैफिक को नई लेन में डायवर्ट किया गया है। इसका काम 7 फरवरी तक पूरा हो जाएगा।
हाइवे के आखिरी लेन से जुड़ेंगे अंडरपास
नोएडा और गाजियाबाद को जोड़ने वाले अंडरपास हाइवे के आखिरी लेन से जुड़ेंगे। यानी नोएडा या गाजियाबाद से अंडरपास के रास्ते आने या जाने वाला वाहन हाइवे के आखिरी लेन में निकलेगा और कुछ आगे चलकर जंक्शन से होते हुए नोएडा या गाजियाबाद की ओर निकल जाएगा।
डासना तक सितंबर में पूरा होगा काम
यूपी गेट से डासना तक सितंबर में काम पूरा होगा। अधिकारियों की मानें तो नोएडा में हाईटेंशन पोल को शिफ्ट करने में परेशानी आ रही है। इसके अलावा गंगा जल की पाइपलाइन भी गई है। इस वजह से काम में कुछ देरी हो रही है।
नोएडा-गाजियाबाद को जोड़ने वाले सभी अंडरपास का काम 15 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। दोनों साइड के किनारों की तरफ (हाइवे की साइड) का काम पूरा हो चुका है अब बीच वाले भाग (एक्सप्रेसवे की साइड) में काम बचा हुआ है जो कि जल्द ही शुरू होगा। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
आरपी सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई