साक्षी-श्रद्धा हत्याकांड: वेब सीरीज और गर्लफ्रेंड से नफरत... साजिश और अंत एक जैसा, पहले आफताब अब साहिल
दोनों ही मामलों में कुछ बातें मिलती-जुलती हैं। पहली तो दोनों लड़कियों के पुरुष मित्र उनसे बेइंतहा नफरत करते थे, नतीजतन पहले आफताब और अब साहिल ने अपनी महिला मित्रों को बेरहमी से मौत के घाट उतारा दिया।
विस्तार
दिल्ली के साक्षी हत्याकांड ने करीब छह माह पहले सामने आए श्रद्धा वालकर हत्या मामले के घाव ताजा कर दिए हैं। दोनों ही वारदातों में जिस तरह लड़कियों को पुरुष मित्रों द्वारा मौत के घाट उतारा, उसने सबको हैरानी में डाल दिया। साक्षी जहां 16 साल, वहीं श्रद्धा 27 साल की थी। दोनों ही मामलों में कुछ बातें मिलती-जुलती हैं। पहली तो दोनों लड़कियों के पुरुष मित्र उनसे बेइंतहा नफरत करते थे, नतीजतन पहले आफताब और अब साहिल ने अपनी महिला मित्रों को बेरहमी से मौत के घाट उतारा दिया।
दूसरी बात, आफताब ने जहां श्रद्धा के शव के टुकड़े करने के लिए छतरपुर से चाकू और आरी खरीदी थी वहीं, साहिल ने भी साक्षी की हत्या के लिए हरिद्वार (उत्तराखंड) से चाकू खरीदा था। इसके अलावा तीसरी बात ये मेल खाती है कि दोनों ने ही वेब सीरीज देखकर हत्या की साजिश रची। आफताब ने भी पुलिस पूछताछ में ये बात कबूल की थी उसने श्रद्धा की हत्या से पहले क्राइम शो और वेब सीरीज देखी थीं। वहीं साहिल द्वारा भी पूछताछ में वेब सीरीज देखे जाने की बात सामने आई है।
क्राइम सीरीज डेक्सटर देखखर श्रद्धा शव के टुकड़ों को फेंका था
श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब के पौने नो घंटे तक चले पॉलिग्राफी टेस्ट के दौरान ये बात सामने आई थी कि आफताब ने कत्ल के बाद अमेरिकी क्राइम सीरीज डेक्सटर देखकर शव के टुकड़ों को फेंका था। वहीं साक्षी हत्याकांड में साहिल द्वारा हत्या से पहले ओटीटी पर वेब सीरीज देखने की बात सामने आई है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कौन सी वेब सीरीज उसने देखी थी। अब ऐसे में ये बात सब के मन में कौंधती है क्या कोई क्राइम सीरीज देखकर ही तो साहिल ने इस पूरे हत्याकांड को अंजाम नहीं दिया? पुलिस जांच में आने वाले दिनों में इसको लेकर अहम खुलासा हो सकता है।
28 मई की शाम साक्षी को उतारा था मौत के घाट
दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 28 मई की शाम को साहिल ने साक्षी (16) को चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया था और लोग तमाशबीन बने रहे। लड़की के सिर पर साहिल (20) ने पत्थर से भी छह बार वार किए थे। जिसके बाद वह बुलंदशहर में स्थित अपनी बुआ के घर जाकर छिप गया था।
जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। हालांकि साहिल ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना मोबाइल ऑफ कर लिया था, ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। लेकिन साहिल की बुआ के एक फोन से आरोपी की लोकेशन मिल गई और वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साहिल को साकेत कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।