रेस्तरां कर्मचारियों से जबरन कराई जाती थी किचन वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई
रेस्तरां के किचन वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई के दौरान राकेश अक्सर कहते थे कि यह काम उनका नहीं है। बाहर से मजदूरों को बुलाकर इसकी सफाई कराओ। हालांकि उनकी कोई नहीं सुनता था।
यह कहना है राकेश के बेटे प्रवीण का। प्रवीण ने बताया कि राकेश आठ साल से इस रेस्तरां में काम कर रहे थे। इससे पहले भी राकेश को किचेन वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की सफाई के लिए भेजा जाता था।
प्रवीण का आरोप है कि उसके पिता से जबरदस्ती यह काम कराया जाता था। उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के रहने वाले प्रवीण ने बताया कि वह भी एक रेस्तरां में काम करता है।
उसके दो भाई और मां गांव में ही रहते हैं। पिता-पुत्र यहां काम करके रुपये घर भेजते थे। उसने बताया कि वह भी चाहता था कि उसके दोनों भाई पढ़ाई करें और उनका भविष्य अच्छा हो।
अब तो उनके ऊपर से पिता का साया उठ चुका है। उसने बताया कि शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे रेस्तरां में काम करने वाले एक व्यक्ति ने उसे फोन कर पिता की तबीयत खराब होने की जानकारी दी।उसने प्रवीण से तुरंत रेस्तरां पहुंचने के लिए कहा।
रेस्तरां पहुंचने पर उसे कुकरेजा अस्पताल जाने को कहा गया। वहां पता चला कि पिता की मौत हो चुकी है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।