कैसा रहेगा नए साल पर दिल्ली का मौसम: मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, दो जनवरी से होंगे ठंड के तेवर ढीले
बीते शुक्रवार को पूरा दिन हुई बारिश के बाद से सर्द हवाएं परेशान कर रही हैं। पहाड़ों में हुई बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। मैदानी इलाकों में शुष्क और बर्फीली हवाएं चल रही हैं।
विस्तार
मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवाओं ने दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। नए साल का जश्न शीतलहर के साथ मनेगा। मौसम विभाग ने साल के आखिरी दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। मंगलवार के लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, कहीं-कहीं सर्द दिन भी रह सकता है। नए साल के तीसरे दिन से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने से थोड़ी राहत मिलेगी।
मैदानी इलाकों में चल रही बर्फीली हवाएं
बीते शुक्रवार को पूरा दिन हुई बारिश के बाद से सर्द हवाएं परेशान कर रही हैं। पहाड़ों में हुई बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी है। मैदानी इलाकों में शुष्क और बर्फीली हवाएं चल रही हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 15 डिग्री दर्ज हुआ। इस कारण से लोग ठिठुरते नजर आए। यह 12 साल बाद सबसे ठंडा दिन रहा। इससे पहले वर्ष 2019 में 30 दिसंबर का तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पालम रहा सबसे सर्द इलाका
वहीं इससे पहले रविवार (29 दिसंबर) को न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। सोमवार को दिल्ली में सबसे सर्द इलाका पालम का रहा जहां अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आयानगर में तापमान 14.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दो जनवरी से ठंड के तेवर होंगे ढीले
विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालय से आने वाली ठंडी हवाओं से मैदानी इलाकों में ठंड को बढ़ा दिया है। इससे उत्तर भारत में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। हालांकि दो जनवरी से ठंड के तेवर ढीले होने शुरू होंगे। अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। दो जनवरी से पांच जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 डिग्री से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच दर्ज होगा।