फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Political temperature hot in Delhi due to arrest of Arvind Kejriwal

Delhi: सीएम की गिरफ्तारी पर राजधानी में ‘दंगल’, पक्ष और विपक्ष सड़क पर उतरकर एक दूसरे को कठघरे में खड़ा कर रहे

Wed, 27 Mar 2024 04:18 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: विजय पुंडीर Updated Wed, 27 Mar 2024 04:18 AM IST
सार

मंगलवार को मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा नेता सड़क पर उतरे। साथ में मुख्यमंत्री की तरफ से जारी दूसरे आदेश पर भाजपा नेताओं ने ईडी और दिल्ली के उपराज्यपाल से शिकायत की। उधर, मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को भी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
Political temperature hot in Delhi due to arrest of Arvind Kejriwal
केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करती भाजपा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की वजह से राजधानी में सियासी पारा गर्म है। पक्ष और विपक्ष दोनों आमने-सामने हैं। सड़क पर उतरकर एक दूसरे को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। विरोध-प्रदर्शन के बीच शब्दों के खूब बाण चल रहे हैं। वहीं, दोनों पार्टियों के प्रदर्शन की वजह से पुलिस की सांसें फूली हुईं हैं। सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र होने से रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल हो रहा है।

विज्ञापन


मंगलवार को मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा नेता सड़क पर उतरे। साथ में मुख्यमंत्री की तरफ से जारी दूसरे आदेश पर भाजपा नेताओं ने ईडी और दिल्ली के उपराज्यपाल से शिकायत की। भाजपा का आरोप है कि ईडी की हिरासत में होने के बावजूद मुख्यमंत्री दिल्ली सरकार के लिए निर्देश जारी कर रहे हैं, जो गैरकानूनी व सांविधानिक है। दिल्ली गेट से भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली सचिवालय की तरफ मार्च करना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर सभी को रोक दिया। बैरिकेड्स तोड़ने पर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कमला नगर थाने लाया गया। हालांकि, बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन


प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल की सरकार अब एक पूरी तरह से अवैध है। मुख्यमंत्री पद पर उनका बने रहना कानून का उल्लंघन है। वह सरकार और पार्टी को व्यक्तिगत साम्राज्य समझते हैं। उनका भ्रष्टाचार के आरोपों पर गिरफ्तार किया जाना पहला मामला नहीं है। विदेशों के पीएम हों या भारत में सीएम सभी ने भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण इस्तीफे दिए हैं। केजरीवाल के तुरंत इस्तीफा देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना का एक आदर्श उदाहरण है, जिन्होंने हवाला मामले में नाम आने पर तुरंत इस्तीफा दिया था। दिल्लीवासी चाहते हैं कि केजरीवाल भी तुरंत इस्तीफा दें।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा ने सभी दिग्गज नेताओं को उतारा
मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा ने सभी दिग्गज नेताओं को सड़क पर उतार दिया है। भाजपा सांसद, विधायक, पार्षद, प्रदेश पदाधिकारी समेत कई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इनमें मुख्य रूप से डॉ. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पवन शर्मा, हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, विजेंद्र गुप्ता, आदेश गुप्ता, अजय महावर, मोहन सिंह बिष्ट, अभय वर्मा, अनिल बाजपाई, जितेंद्र महाजन, आशीष सूद, प्रवीण शंकर कपूर, योगिता सिंह, श्री विनय रावत, विष्णु मित्तल, अनीस अब्बासी समेत कई नेता शामिल थे।

पंजाब में भी शराब घोटाला : सिरसा
प्रदर्शन में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सरदार एमएस सिरसा ने कहा कि केजरीवाल पहले ही शराब घोटाले में गिरफ्तार हैं। अब पंजाब में भी शराब घोटाले की जांच की मांग बढ़ रही है। जल्द ही पंजाब के सीएम को भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने एक स्वयं घोषित खालिस्तानी नेता के वीडियो का मामला उठाया, जो सोशल मीडिया पर चल रहा है, जिसमें कहा गया है कि केजरीवाल ने आप के लिए केएलएफ से राजनीतिक फंडिंग ली है, जो एक गंभीर मामला है। इसका जवाब आप को देना चाहिए। मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल ने न सिर्फ दिल्ली को लूटा, बल्कि जवाबदेही से दूर रहे हैं। दिल्ली की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। दिल्ली के लोग केजरीवाल का इस्तीफा मांग रहे हैं।

पीएम आवास घेरने निकले आप कार्यकर्ता हिरासत में
मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को भी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। तयशुदा कार्यक्रम के तहत  पीएम आवास का घेराव करने निकले आप कार्यकर्ताओं को पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पंजाब सरकार के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, आप विधायक सोमनाथ भारती और विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला व आप नेता पंकज गुप्ता भी शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए थे।

इससे पहले आप कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पहुंचे। पुलिस ने स्टेशन के आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया था। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान पुलिस और आप नेताओं व कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई।

वहीं, हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि गैरकानूनी और फर्जी मामलों में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को जेल में रखा गया है। मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी की तरफ से मुख्य आरोपी बनाए गए शरद ने भाजपा को 60 करोड़ रुपए दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। आप ने प्रदर्शन के मामले में दोहरा रवैया अपनाने पर पुलिस की आलोचना की। आप नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करने से रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती के साथ जगह-जगह रोक दिया और हिरासत में ले लिया। वहीं, पुलिस ने भाजपा को दिल्ली सचिवालय पर प्रदर्शन करने की खुली छूट दी।

आप कार्यालय किया सील, प्रदर्शन करने की भी अनुमति नहीं दी जा रही : गोपाल
प्रदर्शन के बाद आप के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के कार्यक्रम से पहले दिल्ली पुलिस ने आप कार्यालय को सील कर दिया। इसके अलावा बैरिकेड लगाकर पार्टी कार्यालय की ओर आने-जाने का रास्ता रोक दिया। केंद्र सरकार ने पहले केजरीवाल को गिरफ्तार कराया और अब प्रदर्शन नहीं करने दे रही है। आप नेताओं को पुलिस किसी भी स्थान पर भी नहीं जाने दे रही और रास्ते में ही रोका जा रहा है। आप कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास जाकर मुख्यमंत्री को जेल, शरत रेड्डी को बेल और 55 करोड़ के भाजपा के खेल के संबंध में सवाल पूछने का निर्णय लिया था, लेकिन पुलिस ने रोक दिया।

आप व भाजपा के प्रदर्शनकारियों को शाम को छोड़ा
भाजपा और आप के मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था, जिन्हें देर शाम छोड़ दिया गया। मध्य जिले में भाजपा का प्रदर्शन था। मध्य जिले के डीसीपी हर्षवर्धन ने बताया कि यहां पर 57 लोगों को हिरासत में लिया गया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, नई दिल्ली जिले के पटेल चौक पर प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के 100 से अधिक नेता व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। नई दिल्ली जिले के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि नई दिल्ली जिले में धारा 144 लगी हुई है।

दिल्ली विधानसभा को विघटित कर देना चाहिए : बांसुरी स्वराज
प्रदेश भाजपा सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा कि केजरीवाल ने एक पार्टी बनाई है जो केवल भ्रष्टाचार और लूट को ही अपनाती है। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली के लोगों ने अब उन्हें छोड़ने का निर्णय ले लिया है। केजरीवाल ने कहा था कि अगर कोई हम पर इल्जाम लगाता है, तो इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन अब वे अपने खुद के शब्दों का विरोध करते हुए दिखाई दे रहे हैं। केजरीवाल को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और विधानसभा को विघटित कर देना चाहिए।

विधानसभा में आम आदमी पार्टी को घेरेगी भाजपा
अब विधानसभा में भी आम आदमी पार्टी की को घेरने की रणनीति भाजपा ने तैयार की है। मंगलवार को भाजपा विधायक दल की इसे लेकर बैठक हुई जहां मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर चर्चा हुई। प्रदेश भाजपा विधानमंडल विंग के मुख्य सचेतक अजय महावर ने दिल्ली में सांविधानिक विघटन पर चर्चा करने की मांग का निर्णय लिया। महावर समेत मोहन सिंह बिष्ट व जितेंद्र महाजन ने अल्प सूचना चर्चा प्रस्ताव प्रस्तुत किया। महावर ने कहा कि गिरफ्तारी के तहत मुख्यमंत्री के निर्देश गैरकानूनी हैं।

प्रदर्शन के कारण तीन मेट्रो स्टेशन प्रभावित
आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन से तीन मेट्रो स्टेशन प्रभावित रहे। सुरक्षा कारणों के कारण लोक कल्याण मार्ग स्टेशन, पटेल चौक स्टेशन का गेट नंबर 3 और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन का गेट नंबर 5 से प्रवेश और निकास बंद रहा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया। शाम 6:22 बजे डीएमआरसी ने जानकारी दी कि पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय गेट नंबर पांच यात्रियों के खोल दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed