पीएम मोदी चौथी बार आ सकते हैं नोएडा, कर सकते हैं नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो का उद्घाटन
फेज-दो कोतवाली क्षेत्र स्थित सैमसंग कंपनी की नई यूनिट का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के आने की संभावना बन रही है। इसके लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह में तिथियां तय हो सकती हैं।
हालांकि अभी इसकी कोई सूचना पीएमओ की ओर से पुलिस या प्रशासन के पास नहीं आई है। वहीं, सैमसंग के अफसरों ने पुलिस के आला अधिकारियों से मिलकर कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा की है।
जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी पूरी संभावना बन रही है। हालांकि प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है, मगर प्राधिकरण की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
अफसरों का कहना है कि जो उनको कार्य करने हैं उन्हें ही किया जा रहा है। वहीं, डीएम बीएन सिंह और एसएसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि उनके पास इस तरह की कोई जानकारी अभी नहीं आई है।
ज्ञात हो कि कि इससे पहले तीन बार पीएम नोएडा आ चुके हैं। अगर पीएम नोएडा आते हैं यह उनका नोएडा का चौथा दौरा होगा।
पांचवीं बार में नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो के उद्घाटन के लिए पीएम और सीएम को लाने की तैयारी की जा रही है। छठी बार के लिए इसी साल के अंत में नोएडा एयरपोर्ट का भूमिपूजन भी होना है, जिसमें पीएम और सीएम का आना प्रस्तावित है।