उत्तरी निगम में भी 10 गुना हुई पार्किंग फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण दिल्ली नगर निगम के बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने भी पार्किंग दरों में इजाफा कर दिया है। खास बात यह है कि दोनों नगर निगम की पार्किंग दरें पहले घंटे के अलावा अन्य समय के लिए एक समान नहीं हैं। इस तरह किसी समय दक्षिण दिल्ली की महंगी दरें हैं तो किसी समय उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महंगी है।
नई पार्किंग दरें एक नवंबर से लागू होंगी। पार्किंग फीस बढ़ाने के प्रस्ताव को स्थायी समिति की बैठक में शुक्रवार को मुहर लगा दी गई है। इसके बाद अब वर्तमान दरों की तुलना में दस गुना तक का इजाफा हो जाएगा।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पहले एक घंटे तक कार के लिए 20 रुपये पार्किंग दर तय की है। इसके बाद पांच घंटे तक प्र तिघंटा 10-10 रुपये अधिक देने पड़ेंगे। मगर पांच घंटे के दौरान 50 रुपये से अधिक नहीं लिए जा सकेंगे। वहीं पांच से 10 घंटे तक प्रति घंटा 10-10 रुपये अधिक पार्किंग फीस देनी होगी।
इस दौरान सौ रुपये से अधिक फीस नहीं ली जा सकेगी। इस अवधि के बाद 24 घंटे तक भी 10-10 रुपये अधिक लेने का प्र्रावधान किया है, लेकिन दो सौ रुपये से ज्यादा पार्किंग फीस वसूली नहीं जा सकेगी।
10 घंटे के दस रुपये की जगह अब 100 रुपये देने होंगे
दुपहिया के मामले में पार्किंग फीस कार से आधी होगी। मासिक पास की फीस कार के लिए 15 सौ रुपये और दुपहिया के लिए पांच सौ रुपये लगेंगे। उधर, स्थायी समिति की बैठक में पार्किंग दरें बढ़ाने का भाजपा को अपने ही एक पार्षद के विरोध का सामना करना पड़ा।
उसके पार्षद डॉ. संजीव नैयर ने कहा कि फीस बढ़ाने के बजाय पार्किंग सिस्टम सही किया जाना चाहिए। इसके अलावा स्थायी समिति में शामिल कांग्रेस के दोनों पार्षदों ने भी पार्किंग फीस बढ़ाने का कड़ा विरोध किया।
उन्होंने कहा कि बजट पास करने के दौरान भाजपा ने किसी भी टैक्स व फीस में बढ़ोतरी नहीं करने का वादा किया था। अब वह अपने वादे से क्यों मुकर रही है। समिति अध्यक्ष मोहन भारद्वाज ने इन तीनों पार्षदों का विरोध दर्ज करते हुए पार्किंग फीस बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया।