-आर्यभट्ट और भास्कर टीमों ने विभिन्न वर्गों में जीते खिताब
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दादरी के सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल में खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला ओलंपिक संघ, गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कबड्डी बालक वर्ग में टीम आर्यभट्ट ने टीम भास्कर को 15-12 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। टीम भास्कर उपविजेता रही। खो-खो बालक वर्ग में टीम भास्कर ने आर्यभट्ट को 12-11 से हराकर खिताब जीता। वहीं, खो-खो बालिका वर्ग में टीम आर्यभट्ट ने टीम भास्कर को 9-7 से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
जिला ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष श्यामेंद्र नागर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान वरिष्ठ उप सचिव जफर खान, स्कूल प्रधानाचार्या डॉ. आशा शर्मा, एडमिन लक्ष्य शर्मा, फिजिकल टीचर अंकित शर्मा और आयोजक सचिव अंकित गौतम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को बढ़ावा देना है। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मुकाबलों में भाग लिया।