ग्रेनो में कारोबारी की मौत: लखनऊ से यूपी ट्रेड शो में आए थे, होटल की खिड़की से गिरे; रात में की थी ये गलती
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरगोविंद सिंह निवासी कल्याणपुर थाना गुडंबा लखनऊ के रूप में हुई है। वह व्यापार के सिलसिले में आयोजित यूपी ट्रेड शो में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा आए थे।
विस्तार
ट्रेड शो में व्यापार के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा आए 63 वर्षीय व्यापारी की होटल की खिड़की से गिरने से मौत हो गई। शुक्रवार रात दोस्तों के साथ खाना खाने और शराब पीने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह होटल कर्मचारी चाय देने के लिए उनके कमरे में पहुंचा तो वह कमरे में नहीं मिले। खिड़की से नीचे देखने पर व्यापारी का शव पड़ा मिला। होटल कर्मचारियों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। बीटा 2 कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजन ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है।
लखनऊ से आया था व्यापारी
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरगोविंद सिंह निवासी कल्याणपुर थाना गुडंबा लखनऊ के रूप में हुई है। वह व्यापार के सिलसिले में आयोजित यूपी ट्रेड शो में शामिल होने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा आए थे। वह परी चौक के पास स्थित होटल में अपने कुछ दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे। उनके साथी दूसरे कमरों में रुके थे।
संतुलन बिगड़ने से खिड़की से गिरे हरगोविंद!
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात हरगोविंद सिंह ने अपने दोस्तों के साथ खाना खाया था। इसके बाद सभी ने शराब पी और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। आशंका है कि रात में खिड़की बंद करने के दौरान शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने से वह खिड़की से नीचे गिर गए। शनिवार सुबह होटल कर्मचारी जब चाय देने के लिए हरगोविंद सिंह के कमरे में पहुंचा तो वह वहां नहीं मिले। इसके बाद नीचे देखने पर उनका शव पड़ा दिखाई दिया।
बेटा रहता है इंदिरापुरम में
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका एक बेटा गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है। पुलिस के मुताबिक परिजनों की ओर से फिलहाल किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया खिड़की से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। मृतक के शराब पीने की भी जानकारी मिली है। मामले में अभी तक किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।