आइसक्रीम के 50 रुपये मांगने पर दरोगा ने दुकानदार को इतना पीटा, खून से हुआ लथपथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में पुलिसवालों से आइसक्रीम के पैसे मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। नोएडा में तैनात एक चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। पीड़ित को इतना मारा गया कि वह खून से लथपथ हो गया।
इसे देख वहां मौजूद लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर ने चौकी प्रभारी से दुकानदार को छुड़ाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस चौकी में खूब विरोध किया। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने सीओ को जांच कराने के आदेश दिए हैं।
यह मामला सेक्टर-49 के बरौला चौकी क्षेत्र का है। पीड़ित युवक अमित कुमार उर्फ टिंकू काफी समय से आइसक्रीम की ठेली लगाता है। घटना 13 जुलाई की रात करीब 11 बजे की है। उस रात भी वह आइसक्रीम की ठेली लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में चौकी प्रभारी दरोगा नीरज और एक सिपाही ने 50 रुपये वाली आइसक्रीम मांगी थी।
अमित ने आइसक्रीम दे दी। बिना पैसे दिए चौकी प्रभारी जाने लगे तो अमित ने उनसे पैसे मांग लिए। इसी बात से नाराज होकर चौकी प्रभारी ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पीटते हुए ही पुलिस चौकी भी ले आए। इस घटना को देखकर कुछ लोगों ने 100 नंबर पर सूचना दे दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर ने पीड़ित अमित को पुलिस चौकी से छुड़ाया था। पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी वैभव कृष्ण से शिकायत की। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है।