{"_id":"6b08980031e76312cb0c58ac","slug":"in-delhi-one-life-is-lost-to-lung-cancer-every-three-days-2026-11-27","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"चिंता की बात: दिल्ली में हर तीसरे दिन फेफड़ों के कैंसर से जा रही है एक जान, अस्पतालों में हर महीने 83 नए मरीज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चिंता की बात: दिल्ली में हर तीसरे दिन फेफड़ों के कैंसर से जा रही है एक जान, अस्पतालों में हर महीने 83 नए मरीज
Fri, 27 Nov 2026 03:06 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 27 Nov 2026 03:06 AM IST
सार
दिल्ली के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में बीते साढ़े छह साल में फेफड़ों के कैंसर से अब तक 913 मरीजों की जान जा चुकी है।
विज्ञापन
सबसे अधिक मामले एम्स में सामने आए।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली की जहरीली हवा के बीच फेफड़ों के कैंसर के लगातार बढ़ रहे आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। दिल्ली के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में बीते साढ़े छह साल में फेफड़ों के कैंसर से अब तक 913 मरीजों की जान जा चुकी है। यानी औसतन हर तीसरे दिन एक मरीज ने इस जानलेवा बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अस्पतालों में इसी अवधि के दौरान फेफड़ों के कैंसर के 6,581 मामले दर्ज हुए हैं। इसका औसत हर महीने करीब 83 नए मरीजों का है।
विज्ञापन
आरटीआई से मिली जानकारी
सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत एम्स, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट से एक जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2026 तक के आंकड़े मांगे गए थे। जानकारी के अनुसार, एम्स, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) और आरएमएल अस्पताल में कुल 6,581 मामले सामने आए। सफदरजंग अस्पताल ने मरीजों की संख्या की जानकारी नहीं दी, लेकिन वहां इस अवधि के दौरान 393 मौतें दर्ज की गईं।
विज्ञापन
एम्स में सबसे अधिक मामले सामने आए
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मामले एम्स में सामने आए। अस्पताल में जनवरी 2020 से मार्च 2026 तक फेफड़ों के कैंसर के 4,860 मरीज दर्ज किए गए, जबकि 158 मरीजों की मौत हुई। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में जनवरी 2020 से जुलाई 2026 तक 1,613 मामले सामने आए और 354 मरीजों की जान गई। वहीं, आरएमएल अस्पताल में 108 मरीजों में इस बीमारी की पुष्टि हुई। इनमें 47 महिलाएं थीं। यहां आठ मरीजों की मौत दर्ज की गई।
विज्ञापन
महिलाएं भी बीमारी की चपेट में
दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के आंकड़े बताते हैं कि फेफड़ों का कैंसर अब महिलाओं के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। संस्थान में करीब साढ़े छह साल के दौरान 351 महिलाओं में इस बीमारी का पता चला। इतना ही नहीं, वर्ष 2021 में दो बच्चों में भी फेफड़ों के कैंसर की पुष्टि हुई। हालांकि, अस्पतालों ने ऐसे मरीजों के अलग-अलग आंकड़े उपलब्ध नहीं कराए, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया था।
प्रदूषण अकेला कारण नहीं, लेकिन बढ़ाता है खतरा
वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विकास मौर्य के अनुसार, दिल्ली जैसे प्रदूषित शहरों में लंबे समय तक जहरीली हवा के संपर्क में रहने से फेफड़ों के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, धूम्रपान और तंबाकू के धुएं के संपर्क में आना भी इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा, आनुवांशिक बदलाव भी इसकी वजह बन सकते हैं। डॉ. विकास ने कहा कि फेफड़ों के कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती चरण में इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते।
जब तक मरीज को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, खांसी के साथ खून आना या बिना किसी वजह के वजन घटने जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तब तक कई मामलों में बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है। ऐसे में समय पर जांच और बीमारी की पहचान बेहद जरूरी है।
