Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Transport: A third railway line spanning 7.24 kilometers will be laid between Kishanganj and Shakurbasti.

परिवहन: किशनगंज-शकूरबस्ती के बीच 7.24 किमी. की बिछेगी तीसरी रेल लाइन, दिल्ली-बिहार के लिए चलेंगी नियमित बसें

Fri, 27 Nov 2026 01:58 AM IST
दुष्यंत शर्मा शनि पाथौली, नई दिल्ली
शनि पाथौली, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 27 Nov 2026 01:58 AM IST
सार

दिल्ली किशनगंज से शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाई जाएगी। इससे हरियाणा और राजस्थान की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों के परिचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन
Transport: A third railway line spanning 7.24 kilometers will be laid between Kishanganj and Shakurbasti.
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजधानीमें रेलगाड़ियों की बढ़ती संख्या और व्यस्त रेलखंडों पर परिचालन का दबाव कम करने के लिए रेलवे ने रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत दिल्ली किशनगंज से शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन बिछाई जाएगी। इससे हरियाणा और राजस्थान की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों के परिचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन


रेलवे ने इस परियोजना के तहत तीसरी लाइन के लिए 25 केवी एकल फेज एसी विद्युत प्रणाली से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया शुरू की है। इसमें डिजाइन, आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग और मौजूदा व्यवस्था में आवश्यक बदलाव शामिल हैं। 7.24 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर विद्युतीकरण से जुड़े कार्यों के लिए करीब 7.68 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। काम पूरा करने के लिए 12 महीने की समयसीमा रखी गई है। रेलवे की इस पहल से दिल्ली के व्यस्त रेल नेटवर्क में परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन


अभी दो लाइनें होने से रेलखंड पर रहता है दबाव : अभी इस रेलखंड पर दो रेल लाइनें हैं। इन पर यात्री और मालगाड़ियों की आवाजाही का दबाव रहता है। तीसरी लाइन उपलब्ध होने से रेलगाड़ियों के संचालन के लिए अतिरिक्त रास्ता मिलेगा और मौजूदा पटरियों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के रेल नेटवर्क में क्षमता बढ़ाने के लिए चिपियाना बुजुर्ग-गाजियाबाद के बीच चौथी लाइन और दयाबस्ती में ग्रेड सेपरेटर जैसी परियोजनाएं भी स्वीकृत हैं। दयाबस्ती में करीब तीन किलोमीटर लंबे ग्रेड सेपरेटर की योजना का उद्देश्य अलग-अलग दिशाओं से आने वाली रेलगाड़ियों के मार्गों को व्यवस्थित करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजस्थान और हरियाणा के यात्रियों को मिलेगा फायदा : किशनगंज-शकूरबस्ती रेलखंड से गुजरने वाली रेलगाड़ियों का संपर्क दिल्ली के दूसरे प्रमुख रेल मार्गों से होता है। शकूरबस्ती स्टेशन हरियाणा की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस पूरे नेटवर्क पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाली रेलगाड़ियों का संचालन होता है। ऐसे में दो पटरियों पर अधिक ट्रेनों का संचालन होने से एक ट्रेन के विलंब का असर दूसरी ट्रेनों पर भी पड़ता है। तीसरी लाइन से ट्रेनों को रास्ता मिलने में होने वाली देरी कम करने और समयपालन बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों को इसका लाभ दिल्ली से हरियाणा और राजस्थान की ओर जाने वाली रेल सेवाओं के साथ-साथ इस रेलखंड से गुजरने वाली दूसरी ट्रेनों के संचालन में भी मिलेगा।

तिलक ब्रिज से आनंद विहार के बीच भी काम जारी : दिल्ली में रेल क्षमता बढ़ाने के लिए तिलक ब्रिज से आनंद विहार के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की परियोजना भी महत्वपूर्ण है। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर अतिरिक्त पटरियां बिछाई जा रही हैं। इससे पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों के संचालन को अतिरिक्त क्षमता मिलेगी। इस परियोजना से दिल्ली, आनंद विहार और गाजियाबाद की दिशा में चलने वाली रेलगाड़ियों को फायदा होगा। इसमें कई महत्वपूर्ण कार्य अलग-अलग चरणों में चल रहे हैं।

दिल्ली-पानीपत-अंबाला रेलखंड पर भी बढ़ेंगी पटरियां : दिल्ली से हरियाणा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली-पानीपत-अंबाला रेलखंड पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की परियोजना भी अहम है। करीब 198 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका लाभ दिल्ली के साथ सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला की ओर जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगा।
सिग्नलिंग व्यवस्था भी हुई आधुनिक : दिल्ली किशनगंज स्टेशन पर भी रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था शुरू की गई है। रेलवे ने यहां इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित सिग्नलिंग प्रणाली चालू की है। यार्ड रिमॉडलिंग सहित इस काम पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

दिल्ली-बिहार के बीच 18 मार्गों पर चलेंगी नियमित बसें
दिल्ली और बिहार के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं को नियमित करने की तैयारी है। इसके लिए दोनों राज्य सरकारें 18 मार्गों को शामिल करते हुए पारस्परिक परिवहन समझौते पर हस्ताक्षर करेंगी। इसके तहत सालभर दिल्ली से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए बसों का संचालन हो सकेगा। इससे दिल्ली में रह रहे बिहार और पूर्वांचल मूल के करीब 15 से 20 लाख लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

खासतौर पर दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों को बसों की कमी और भीड़भाड़ की समस्या से राहत मिलेगी। प्रस्तावित समझौते में अररिया, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नवादा, पटना और पूर्णिया समेत बिहार के विभिन्न शहरों को दिल्ली से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक मार्ग पर दिल्ली और बिहार को 12-12 परमिट देने का प्रावधान है। बसों के समय और परिचालन कार्यक्रम को दोनों राज्य सरकारें आपसी सहमति से तय करेंगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल दिल्ली में रह रहे बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी। त्योहारों और व्यस्त यात्रा सीजन में उन्हें आवागमन की परेशानियों से निजात मिलेगी। आने वाले वर्षों में इन सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा। वर्ष 2026 में दीपावली और छठ के दौरान दिल्ली-बिहार के बीच विभिन्न मार्गों पर करीब 76 बसें चलाई गई थीं।


यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब सालभर नियमित सेवा की व्यवस्था की जा रही है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने 75 नॉन एसी और 74 एसी बसों की व्यवस्था की है। वहीं, पीपीपी मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी। इससे दोनों राज्यों के बीच सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता बढ़ेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed