एनसीआर में जल्द बरसेंगे प्री मानसून के बादल, जमकर होगी बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनसीआर से रूठे प्री मानसून बादल अब जुलाई के पहले सप्ताह से बरसेंगे। बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और तापमान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सामान्य से नीचे चल रहा है।
इन सबके बीच मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 3-4 दिन में पूर्वी राजस्थान, बचा हुआ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और यूपी के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के समूचे इलाके में मानसून की धमक की भविष्यवाणी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश तो उत्तर पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में 30 जून से ही बढ़नी शुरू हो जाएगी, लेकिन एक जुलाई को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में कई जगह और यूपी में कुछ जगह 115-204 मिमी तक बारिश हो सकती है।
इतना ही नहीं इसके बाद 10 जुलाई तक लगातार बारिश होगी। इससे दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास 3-4 जुलाई को आ जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से प्री मानसून सीजन शुरू हो जाता है। इसमें 28 जून तक सामान्य से 13 फीसदी कम 128 मिमी बारिश हुई है।
दिल्ली में बारिश सामान्य से 40 फीसदी हुई कम
सबसे खराब स्थिति (सामान्य से 26 फीसदी कम) पूर्वी व उत्तर पूर्वी भारत की है तो मध्य भारत में भी 23 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं, उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से 2 फीसदी अधिक 60.5 फीसदी बारिश हुई है।
यूपी में 12 फीसदी कम 69 मिमी, हरियाणा में 19 फीसदी कम 30.7 मिमी और दिल्ली में 40 फीसदी कम 32 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में, पंजाब में कई जगह और जम्मू-कश्मीर में कुछ जगह बारिश हुई।
मंगलवार सुबह से शाम साढ़े पांच बजे तक जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और दिल्ली में कुछ जगह ही बारिश हुई। बादलों की आवाजाही के बीच अधिकतम तापमान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली व पश्चिम यूपी में 1-5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान राजस्थान, पश्चिम यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में सामान्य से 3 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया।