दोस्ती... सिगरेट और हत्या: 24 घंटे में सुलझा केस, गणेश पंडाल के पास खून से लथपथ मिला था नरेंद्र का शव
मंडावली में गणेश पंडाल के पीछे युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने की गुत्थी सुलझ गई है। पूर्वी जिला पुलिस ने बुधवार रात हुई युवक की हत्या के मामले में चार आरोपियों को दबोचा है।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में गणेश पंडाल के पीछे युवक की चाकू घोंपकर हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निखिल बोरा उर्फ चुन्नू (24), प्रेम कुमार (20), अमन सैफी (22) और आफताब (24) के रूप में हुई है।
चारों आसपास के ही रहने वाले हैं। पुलिस को इनके एक अन्य साथी भुप्पी की तलाश है। आरोपियों के पास से एक बाइक बरामद हुई है। वहीं मृतक की शिनाख्त देर रात को अल्मोड़ा, उत्तराखंड निवासी नरेंद्र (30) के रूप में हुई है। दरअसल नरेंद्र नशे की हालत में गणेश पंडाल के पीछे मौजूद था। पांचों आरोपी भी वहीं पर थे।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि बुधवार रात उनकी टीम को सूचना मिली कि राजेंद्र पार्क, वेस्ट विनोद नगर इलाके में गणेश पंडाल के पास एक युवक खून से लथपथ पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के लिए स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड और थाने की टीम का गठन किया गया। सबसे पहले मृतक की पहचान की गई। जांच के दौरान पता चला कि चार माह पूर्व ही नरेंद्र नौकरी की तलाश में दिल्ली आया था। वह मंडावली में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।
दूसरी ओर पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी से पड़ताल की। इस सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक की टीम ने खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद से अमन सैफी और आफताब को गिरफ्तार किया। दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार की। दोनों बाकी आरोपी चुन्नू, प्रेम कुमार और भुप्पी का नाम बताया।
दोनों ने बताया कि हत्या के बाद चुन्नू और प्रेम बाइक से उत्तराखंड भागे हैं। एक टीम ने पीछा कर आरोपियों को हापुड़ से दबोच लिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू के साथ भुप्पी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दो टीमें उसकी तलाश में यूपी व दिल्ली में छापेमारी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: घर की दीवारें खून से लाल: हिस्सा मांग रहे थे बेटा-बहू, पिता ने चाकू से गोदा, बड़े पुत्र की हो चुकी पहले ही मौत