मस्जिद के पास घरों में लटके हैं ताले, 20 परिवारों ने छोड़ा गांव
बिसाहड़ा गांव में मस्जिद के पास रहने वाले करीब बीस मुस्लिम परिवार घर छोड़कर चले गए हैं। घरों में ताला लटका है। परिवारों ने आसपास के क्षेत्रों में रिश्तेदारों के यहां पनाह ली हुई है।
माहौल शांत होने के बाद इनकी वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। दादरी के बिसाहड़ा गांव में 28 सितंबर को इकलाख की पिटाई से हुई मौत के बाद गांव में रह रहे मुस्लिम परिवार दहशत के कारण धीरे-धीरे करके घर छोड़ गए।
गांव में करीब पचास मुस्लिम परिवार रहते हैं और करीब तीन सौ मतदाता हैं, जिनमें से करीब बीस परिवार मस्जिद के पास रहते हैं।
यहां नहीं तो भी फिर कहां जाएंगे
घटना के बाद माहौल बिगड़ता देख मस्जिद के पास वाले मुस्लिम परिवार कीमती सामान समेटकर रिश्तेदारों के यहां चले गए। घटना के नौवें दिन भी परिवार नहीं लौटे हैं।
पूरी गली में सन्नाटा है। यहां नहीं तो कहां जाएंगे मस्जिद के पास रहने वाला एक व्यक्ति मंगलवार को घरों का हाल देखने पहुंचा था।
नाम न बताने की शर्त पर उसने बताया कि माहौल ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद वापस यहां आने का प्रयास करेंगे। हमारा तो घर ही यह है, यहां नहीं तो भी फिर कहां जाएंगे।