MCD चुनाव की तारीखें बदलीः अब मतदान 23 और 26 अप्रैल को होगी मतगणना
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने 22 अप्रैल को सार्वजनिक छुट्टी नहीं होने के चलते तीनों नगर निगम के चुनाव की तिथि बदल दी है।
अब तीनों नगर निगम के मतदान 23 अप्रैल (रविवार) को होंगे और 26 अप्रैल को मतगणना होगी, जबकि पहले मतदान 22 अप्रैल (शनिवार) को कराने की घोषणा की गई थी और 25 अप्रैल को मतों की गणना होनी थी। इसके अलावा चुनाव कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
दिल्ली के चुनाव आयोग ने दो कारणों के चलते चुनाव की तिथि में परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। एक ओर 22 अप्रैल को 12वीं का पेपर है, दूसरी ओर 22 अप्रैल को एनसीआर में छुट्टी नहीं है।
ये है चुनाव कार्यक्रम की तारीखें
एक अनुमान के अनुसार, एनसीआर में करीब पांच लाख युवा नौकरी करने जाते हैं। छुट्टी नहीं होने के कारण वे अपनी नौकरी पर जाएंगे। ऐसे में वे मतदान से वंचित रह जाएंगे। इसका मतदान के प्रतिशत पर प्रभाव पड़ेगा।
आयोग के अनुसार, पहले की भांति 27 मार्च की सुबह चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इस दिन से ही 27 मार्च से नामांकन पत्र भरने की शुरुआत होगी और तीन अप्रैल तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे।
इसके अलावा पांच अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद कोई भी उम्मीदवार आठ अप्रैल तक नामांकन पत्र वापस ले सकेगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद नौ अप्रैल से उम्मीदवार चुनाव प्रचार शुरू कर सकेंगे। तीनों नगर निगम के लिए 23 अप्रैल को मतदान सुबह आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा।
चुनाव कार्यक्रम
23 अप्रैल को होगा मतदान
26 अप्रैल को होगी मतगणना
27 मार्च से नामांकन पत्र भरने की होगी शुरुआत
3 अप्रैल तक भरे जा सकेंगे नामांकन पत्र
5 अप्रैल को होगी नामांकन पत्रों की जांच
8 अप्रैल तक वापस लिए जा सकेंगे नामांकन पत्र