Delhi: निगम के स्कूलों में बनेगी मैनेजमेंट कमेटी, स्कूल और अभिभावकों के बीच खत्म होगा गैप, निर्देश जारी
मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि जैसे मिशन बुनियाद स्कूलों में बच्चों के लर्निंग गैप को खत्म करने का काम कर रहा है। ठीक उसी प्रकार स्कूल मैनेजमेंट कमेटी भी स्कूल व पेरेंट्स के बीच के गैप को खत्म करने का काम करेगा।
विस्तार
दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) का गठन होगा। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने आयुक्त ज्ञानेश भारती को दिल्ली सरकार के मॉडल को एमसीडी में भी लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (डीसीपीसीआर) ने मेयर डॉ शैली ओबरॉय को राइट टू एजुकेशन के तहत एमसीडी के स्कूलों में एसएमसी गठन का निवेदन किया था। इसके पीछे तर्क दिया था कि आरटीई के तहत प्रत्येक स्कूल में एसएमसी का गठन किया जाना चाहिए। इसके बाद मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने तत्काल प्रभाव से कमिश्नर को स्कूलों में एसएमसी गठन करने के निर्देश दिए हैं।
मेयर ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में एसएमसी का गठन पहले ही किया जा चुका है। इसके सकारात्मक परिणाम स्कूलों में देखने को मिले हैं। अब जल्द से जल्द एसएमसी गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि जैसे मिशन बुनियाद स्कूलों में बच्चों के लर्निंग गैप को खत्म करने का काम कर रहा है। ठीक उसी प्रकार स्कूल मैनेजमेंट कमेटी भी स्कूल व पेरेंट्स के बीच के गैप को खत्म करने का काम करेगा। एसएमसी के जरिए पेरेंट्स को मोटिवेट किया जाएगा। बच्चों की बेहतरी के लिए एसएमसी के साथ जोड़ा जाएगा।
मेगा पीटीएम में शामिल होने की अपील
मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने सभी पार्षदों से मेगा पीटीएम में शामिल होने की अपील की है। मेयर ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में कल सभी स्कूलों में मेगा पीटीएम का आयोजन किया जाएगा।