बुलंदशहर: एलपीजी गैस से भरा टैंकर पलटने से मची अफरा-तफरी, हाई अलर्ट पर पुलिस और जिला प्रशासन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़ वाया रामघाट मार्ग पर शुक्रवार तड़के इंडेन गैस कंपनी का नरौरा की ओर आ रहा एलपीजी से भरा कैप्सूल टैंकर परमाणु संयंत्र के गेट के निकट ग्राम नंदपुर पर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर से एलपीजी के हल्के रिसाव के कारण क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर आनन फानन में पुलिस और एनएपीएस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रामघाट और नरौरा पुलिस ने दोनों ओर से सड़क पर यातायात को डायवर्ट किया।नरौरा परमाणु संयंत्र के गेट के निकट स्थित निबाड़ी बांगर के माजरा नंदपुर गांव के मोड़ पर गुजरात से आ रहा एलपीजी से भरा 22 टायरा कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।
वाहन से एलपीजी के रिसाव की आशंका से लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने केबिन में फंसे चालक इरफान निवासी सिरसा थाना मलरनार डूंगर, सवाई माधोपुर राजस्थान को निकाल लिया। चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।
परमाणु संयंत्र के निकट होने के कारण संयंत्र के अधिकारी और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान चालक इरफान ने ट्रक से हो रहे हल्के रिसाव को चूना व गुड़ की मदद से नियंत्रित किया। हालांकि सुरक्षा के चलते पुलिस ने ग्रामीणों को घरों में आग न जलाने व एहतियात बरतने के निर्देश दिए।
एसडीएम संजय कुमार एवं नरौरा रामघाट की पुलिस व पीआरवी मौके पर रहीं। परमाणु संयंत्र के सुरक्षा एवं संरक्षा अनुभाग के अधिकारी, संयंत्र की दमकल सहित आसपास की दमकल मौके पर पहुंची। सूचना पर इंडेन कंपनी के अलीगढ़ क्षेत्र के असिस्टेंट सेफ्टी हेड सौरभ तिवारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय दल दोपहर में मौके पर पहुंचा। इसके बाद टैंकर में हो रहे रिसाव को बंद किया गया।
घरों में दहशत के चलते नहीं बना खाना
क्षेत्र के गांव नंदपुर में सुबह तड़के गैस वाहन पलटने के बाद रिसाव की आशंका के चलते ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को एहतियातन घरों में आग नहीं जलाने की हिदायत दी। जिसके बाद समीप के घरों के लोग अपने खेतों में निकल गए। जबकि कुछ आसपास ग्रामों में अपने परिचितों के यहां पहुंच गए। जबकि कुछ लोग ग्राम में ही रहकर सावधान रहे। जिससे लोगों के घरों में सुबह खाना नहीं बन सका।
घटना के चश्मदीद ग्रामीण पवन कुमार ने बताया कि तेज गति के कारण वाहन मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से घरों में एहतियातन आग नहीं जलाने को कहा। टीम के आने तक दोपहर बाद तक घरों में खाना नहीं बना, लेकिन प्रशासन ने इस बारे में ध्यान नहीं दिया।