फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Lok Sabha Elections: 162 candidates will try their luck on seven seats of Delhi.

Lok Sabha Elections : दिल्ली की सात सीटों पर 162 प्रत्याशी आजमाएंगे किस्मत, 1.52 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला

Fri, 10 May 2024 05:28 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 10 May 2024 05:28 AM IST
सार

सातों लोकसभा सीटों पर 162 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1.52 करोड़ मतदाता करेंगे। इस बार बीते लोकसभा चुनाव की तुलना में दो उम्मीदवार कम हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 164 प्रत्याशी मैदान में थे।

विज्ञापन
Lok Sabha Elections: 162 candidates will try their luck on seven seats of Delhi.
इस बार बीते लोकसभा चुनाव की तुलना में दो उम्मीदवार कम हैं। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

नामांकन वापसी के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को चार लोकसभा सीटों पर पांच उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिए। ऐसे में सातों लोकसभा सीटों पर 162 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1.52 करोड़ मतदाता करेंगे। इस बार बीते लोकसभा चुनाव की तुलना में दो उम्मीदवार कम हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 164 प्रत्याशी मैदान में थे।

विज्ञापन


नामांकन वापस लेने वालों में चांदनी चौक, पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट के एक-एक प्रत्याशी हैं, जबकि दक्षिणी दिल्ली सीट से दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया है। कुल 265 उम्मीदवारों ने 367 नामांकन दाखिल किए थे जिसमें से 129 नामांकन रद्द हो गए थे। इस तरह से 238 नामांकन स्वीकृत किए गए थे। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इस बार अधिकतर प्रत्याशियों ने एक से अधिक नामांकन दाखिल किए थे। उनके एक ही नामांकन को स्वीकृत किया गया। बीते लोकसभा चुनाव में 221 उम्मीदवारों ने 439 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें से 209 नामांकन रद्द हुए थे, जबकि 9 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया था। कई उम्मीदवारों ने एक से अधिक नामांकन दाखिल किए थे।
विज्ञापन


नामांकन वापस लेने वालों में तीन निर्दलीय
नामांकन वापस लेने वाले पांच उम्मीदवारों में से तीन निर्दलीय हैं, जबकि दो छोटी पार्टियों के उम्मीदवार हैं। इसमें दक्षिणी दिल्ली से जय महा भारत पार्टी से शंकर डे और पूर्वी दिल्ली से जिंदाबाद क्रांति पार्टी से नरेंद्र नंदा भाई राजपूत हैं। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों में उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से गीता, चांदनी चौक से रमेश और दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से राम गोपाल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

हर पाेलिंग बूथ पर होगी दो ईवीएम

निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि एक ईवीएम में 16 प्रत्याशियों के ही चुनाव चिह्न हो सकते हैं। इससे अधिक उम्मीदवार होने पर दूसरी ईवीएम रखी जाती है। दिल्ली में हर लोकसभा सीट पर वर्तमान में 16 से अधिक उम्मीदवार हैं। सबसे कम 17 उम्मीदवार नई दिल्ली और सबसे ज्यादा 28 उम्मीदवार उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर हैं। ऐसे में हर पोलिंग बूथ पर दो ईवीएम रखी जाएंगी।

मतदान केंद्र से घर तक मुफ्त पहुंचाएगी बाइक टैक्सी
लोगों की मतदान केंद्र तक पहुंच बढ़ाने के लिए पहली बार बाइक टैक्सी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए बाइक टैक्सी कंपनी रैपिडो के साथ मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने समझौता किया है। कंपनी की ओर से लोगों को मतदान के दिन केंद्र से घर तक मुफ्त यात्रा का विकल्प प्रदान किया जाएगा। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य परिवहन बाधाओं को दूर करना और वोट देने के लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी कृष्णमूर्ति ने बताया कि मतदान के दिन मुफ्त बाइक सवारी का विकल्प देने का हमारा उद्देश्य मतदान के अनुभव को आसान बनाना और नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करना है। मतदाता वोट डालने के बाद रैपिडो एप से मतदान केंद्र से आसानी से बाइक बुक कर सकेंगे।

चौ. बीरेंद्र व देवेंद्र यादव ने लोगों को संबोधित किया
कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारना शुरू कर दिया है। चौ. बीरेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली क्षेत्र में कई बैठकों को संबोधित किया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने भी उत्तर पश्चिमी व उत्तर पूर्व दिल्ली में बैठकों व सभा को संबोधित किया। चौ. बीरेंद्र सिंह ने पार्टी उम्मीदवार डॉ. उदित राज के समर्थन में नांगलोई व कराला में आयोजित बैठकों में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में भाजपा के विरोध में लहर चल रही है। इस कारण 180 सीटें भी नहीं मिलेंगी। इस बारे में मालूम होने पर भाजपा घबराई हुई है और वह लोगों को गुमराह करने के लिए 400 पार का नारा दे रही है। इधर, कराला में देवेन्द्र यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को निर्देश दिए कि वे कांग्रेस की पांच गारंटी के कार्ड को घर-घर जाकर भरवाएं। युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों, वंचितों, निम्न व मध्य वर्ग के जरूरतमंदों से संपर्क कर कांग्रेस की गारंटी से अवगत कराए। वहीं, यमुना विहार में कन्हैया कुमार के समर्थन में आयोेजित सभा में देवेंद्र ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में लगातार लोकतंत्र पर हमला किया है। 

कल भगवंत मान करेंगे रोड शो
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को आप उम्मीदवारों के लिए प्रचार व रोड शो करेंगे। वह लोगों से पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार कुलदीप कुमार और दक्षिणी दिल्ली से उम्मीदवार सही राम के लिए वोट देने की अपील करेंगे। वे दो निर्वाचन क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। 


पित्रोदा की रंगभेदी टिप्पणी के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बृहस्पतिवार को सैम पित्रोदा की रंगभेदी टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी से देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस से भाजपा में आए राजकुमार चौहान, नसीब सिंह, अमित मलिक, नीरज बसोया समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया और हाथों में कांग्रेस विरोधी तख्ती लेकर जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भारत की सुंदरता उसकी विविधता है। यही देश की ताकत है। संस्कृति के रूप अलग हो सकते हैं, लेकिन सूत्र एक ही है, देश की अखंडता। 

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed