{"_id":"65f503025a583e04b60ed815","slug":"lok-sabha-election-dates-announced-for-seven-seats-of-delhi-2024-03-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lok Sabha Election: दिल्ली की सात सीटों के लिए लोकसभा चुनावों की तारीखों का एलान, जानें कब-किस सीट पर वोटिंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lok Sabha Election: दिल्ली की सात सीटों के लिए लोकसभा चुनावों की तारीखों का एलान, जानें कब-किस सीट पर वोटिंग
Sat, 16 Mar 2024 06:44 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Sat, 16 Mar 2024 06:44 PM IST
सार
Delhi Lok Sabha Chunav Date Schedule : 2019 में देश में मतदान सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच कराया गया, जबकि वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। राजधानी दिल्ली में छठे चरण में मतदान हुआ था। दिल्ली की सभी सातों सीटों को भाजपा ने अपने नाम किया था।
विज्ञापन
दिल्ली में लोकसभा चुनाव के तारीख का एलान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान कर दिया है। इसी के साथ ही दिल्ली समेत पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सात चरण में लोकसभा चुनाव होंगे। दिल्ली में एक चरण में मतदान होगा। दिल्ली की सभी सीटों पर 25 मई को छठे चरण में मतदान होगा। दिल्ली में लोकसभा की सात सीटें हैं। पिछले दो लोकसभा चुनावों 2014 और 2019 में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की थी।
विज्ञापन
चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए मतदान 6वें चरण में 25 मई (शनिवार) के दिन होगा। दिल्ली में 29 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 मई है। नामांकन वापिस लेने की तारीख 9 मई है।
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने बताया कि 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा। 26 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। तीसरे चरण के लिए 7 मई चौथे चरण के लिए 13 मई तो 20 मई को पांचवे चरण के लिए मतदान होगा। छठे चरण के लिए 25 मई को वोटिंग होगी और सातवें चरण के लिए 1 जून को मतदान होगा। 4 जून को मतगणना होगी।
विज्ञापन
केजरीवाल ने अपने उम्मीदवारों के लिए मांगा समर्थन
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने चुनाव की तारीखों के एलान के बाद एक्स पर लिखा, देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। ये लोकतंत्र का महापर्व है। मेरी सभी देशवासियों से अपील है कि इस बार तानाशाही के खिलाफ वोट करें, गुंडागर्दी के खिलाफ वोट करें।
आम आदमी पार्टी लोगों के असल मुद्दों पर काम करती है, जनता को सहूलियतें देती है। जहां-जहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चुनावी मैदान में लड़ रहे हैं वहां झाड़ू पर वोट देकर हमारे हाथ मजबूत करें ताकि हम और अधिक ऊर्जा से आपके लिए काम कर सकें।
2019 में 10 मार्च को हुआ था चुनावों का एलान
पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान 10 मार्च 2019 को हुआ था। तब देश में सात चरण में मतदान हुआ था। 11 अप्रैल को पहले दौर का मतदान हुआ जबकि, 19 मई को सातवें यानी आखिरी दौर की वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में सात चरणों में मतदान हुआ था। वहीं, 22 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में एक ही चरण में वोट पड़े थे। दिल्ली में छठे चरण में वोट पड़े थे।
आम आदमी पार्टी चार तो कांग्रेस तीन सीटों पर लड़ेगी चुनाव
दिल्ली में पहली बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी साथ मिलकर चुनावी मैदान में हैं। सीटों का बंटवारा 3:4 के फॉर्मूले पर तय हुआ है। जहां तीन लोकसभा सीटों पर कांग्रेस तो वहीं चार सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी के नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली की सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं कांग्रेस चांदनी चौक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की सीट पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
'आप' ने किया उम्मीदवारों के नाम का एलान
आप पार्टी ने चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। आप ने पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार नई दिल्ली से सोमनाथ भारती पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा और दक्षिणी दिल्ली से सहीराम को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
भाजपा ने सभी सीटों पर कैंडिडेट के नाम घोषित किए
वहीं, भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में पांच उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके बाद भाजपा ने बाकि दो सीटों पर कैंडिडेट के नाम घोषित किए। पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली पर भी कैंडिडेट के नाम घोषित कर दिए हैं। चांदनी चौक से व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल, नई दिल्ली से पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी स्वराज, दक्षिणी दिल्ली से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी और पश्चिम दिल्ली से पार्षद व दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत, पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा और उत्तर पश्चिमी सीट से योगेंद्र चंदोलिया पर भाजपा ने भरोसा जताया है।
सात चरणों में हुआ था पिछला आम चुनाव
2019 में देश में मतदान सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच कराया गया, जबकि वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में सात चरणों में मतदान हुआ था। वहीं, 22 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशाें में एक ही चरण में वोट पड़े थे। 2014 में चुनाव की तारीखों की घोषणा 5 मार्च को हुई थी। 7 अप्रैल से 12 मई तक 9 चरणों में चुनाव हुए थे। 16 मई को परिणाम घोषित किए गए थे।