'गुमराह कर रही AAP': कांग्रेस बोली- 40 की मौत हुई... केजरीवाल को आज सड़कों की याद आई; भाजपा भी हुई हमलावर
विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल पर चर्चा हुई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा।
विस्तार
केजरीवाल ने वर्षों से टूटी सड़कों को नजरअंदाज किया और अब खुद के ही समर्थकों से बुलवाकर यह दिखा रहे हैं कि 6-7 महीनों से दिल्ली में कोई काम नहीं हुआ। यह रणनीति जनता को गुमराह करने के लिए रची गई है, लेकिन जनता अब इन चालों को समझ चुकी है। केजरीवाल ने 10 सालों में कभी भी सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों या चौराहों का निरीक्षण क्यों नहीं किया। जब दिल्ली में जलभराव, करंट लगने, नालों में डूबने और इमारतों के ढहने जैसी घटनाओं में 40 से अधिक लोगों की जान चली गई थी तो आप नेता कहां थे।
सड़कों की दुर्दशा पर केजरीवाल का पत्र छलावा: भाजपा
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल ने लगभग पौने दस साल दिल्ली पर शासन किया और उनके शासन में पूरा सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर जर्जर हो गया। इस कारण अब उनके सड़क सुधार पर पत्र लेखन ने दिल्ली वालों को स्तब्ध कर दिया है।
आगे कहा कि केजरीवाल ने लंबे शासनकाल में सड़क रखरखाव पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। अब शीशमहल के बाहर निकलकर जनता का सड़कों, सीवर, जल सप्लाई एवं परिवहन को लेकर हाहाकार सुना तो मुख्यमंत्री आतिशी को पत्र लिखकर वे अपनी विफलता का ठीकरा उनके सिर पर फोड़ने की भूमिका बना रहे हैं। उनका यह कदम एक हास्यास्पद छलावा है।