होली के त्योहार पर जैकेट में भी छाया मोदी का रंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनावों के आते ही दिल्ली में टेलर्स की बल्ले-बल्ले हो गई है। राजधानी के कुछ चुनिंदा टेलर हैं जो सालों से नेताओं को अलग लुक दे रहे हैं।
इनके यहां कांग्रेस से लेकर, भाजपा और अन्य तमाम दलों के नेता आकर कपडे़ सिलाते हैं। नरेंद्र मोदी और सांसदों-विधायकों तक के लिए जैकेट इन्हीं के यहां तैयार की जाती हैं। मोदी के लिए तो खास मोदी कलर भी बना दिया गया है।
दिल्ली के कुछ प्रमुख टेलर जहां राजनेताओं की भीड़ लगी रहती है, इनमें कमला नगर स्थित एसआर संस, बल्लीमारान स्थित प्रभात टेलर, दरियागंज में एम उस्मान और लक्ष्मी नगर में कई टेलर शामिल हैं। इसके अलावा खादी ग्रामोद्योग की दुकानों पर भी खूब ऑर्डर बुक कराए जा रहे हैं।
यहां दर्ज है आपके चहेते नेताओं की पसंद
हल्की गर्मी और चुनाव का मौसम आते ही कुर्ते और पायजामों की मांग बढ़ गई है। इसमें राहुल गांधी स्टाइल से लेकर नरेंद्र मोदी का चूड़ीदार पायजामा व कुर्ता शामिल हैं। वहीं कुछ नेता ऐसे भी हैं जो अपने तरीके से कपड़े डिजाइन करा रहे हैं।
कांग्रेस के सांसद अजय माकन और दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली अपने लिए खासतौर पर कॉलर वाला कुर्ता बनवाते हैं। यही कारण है कि एस आर संस के कंप्यूटरों में कई दर्जन राजनेताओं के कपड़ों के नाप दर्ज हैं।
ये टेलर मुख्यत: कांग्रेस के कपिल सिब्बल, अजय माकन, शीला दीक्षित, संदीप दीक्षित, हारून यूसुफ, अरविंदर सिंह लवली, जगदीश टाइटलर, सज्जन कुमार, मतीन अहमद, जयप्रकाश अग्रवाल और भाजपा के हर्षवर्धन, ओमप्रकाश, राजेश्वर प्रसाद चौरसिया, विजय सिंघल आदि के कपड़े तैयार करते रहे हैं।
NAMO के लिए बनाया मोदी कलर
नरेंद्र मोदी के लिए खासतौर पर बनाई गई जैकेटों के चलते एसआर संस ने उस खास रंग का नाम ही मोदी कलर रख दिया। एक महीने पहले ही मोदी के लिए बनाकर दी तीन जैकेटों में लाल, भगवा और मोदी कलर की जैकेट शामिल थीं।
इस संबंध में अमित जैन ने बताया कि गहरे बादाम की मिगी के छिलके के रंग वाली जैकेट की इसके बाद काफी मांग भी की गई।
वहीं आम लोगों से अलग नेताओं के लिए विशेष कुर्ता-पाजामा बनाए जा रहे हैं। जहां कुर्ते आमतौर पर सफेद रंग के और लगभग एक सी डिजाइन के बन रहे हैं वहीं पाजामों में काफी कुछ नया है। नेताजी चमड़े के या स्पोर्ट्स शू पहन सकें इसलिए इनके पायजामे पैंट स्टाइल में हैं।
इन नेताओं को सताती है कपड़ों की फिक्र
कुछ नेता ऐसे भी हैं जो अपने हिसाब से कपड़े पहनते हैं साथ ही अपनी फिटिंग को लेकर भी काफी सचेत रहते हैं।
इनमें विजय गोयल, अरविंदर सिंह लवली, मनजिंदर सिंह बिट्टा, कुंवर कर्ण सिंह, हरिशंकर गुप्ता, टाइटलर आदि शामिल हैं। इसके साथ ही विजय गोयल को रंगीन कुर्ते काफी पसंद हैं। चुनावों के दौर में थोक के भाव कुर्ते खरीदे जा रहे हैं।
खादी ग्रामोद्योग की इंचार्ज गीता नागपाल ने बताया कि दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश की कई पार्टियों के लोगों ने कुछ दिन पहले ही खूब खादी के कुर्ते खरीदे हैं। हालांकि ‘आप’ की ओर से कोई विशेष खरीदारी का ऑफर नहीं मिला है।