गुरुग्राम। गांव खांडसा में शनिवार सुबह विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे विधायक राकेश दौलताबाद को स्थानीय लोगों का गुस्सा झेलना पड़ा। सुंदर सिंह चौहान नाम के युवक ने घर के पास ही खुले शराब ठेके के विरोध में विधायक को पुराने वादे और अब तक नहीं काम गिना दिए। विधायक के साथ आए लोग सुंदर को चुप कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्थानीय लोगों का साथ होने के कारण विधायक को उसकी पूरी बात सुननी पड़ी। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल किया गया।
बादशाहपुर से निर्दलीय विधायक राकेश दौलताबाद खांडसा में करीब 27 विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करनेपहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया सुंदर सिंह ने अपनी बात कहना शुरू कर दी। विधायक के साथ आए लोग उसे समझा बुझा कर बैठाने लगे, लेकिन वो चुप नहीं हुआ। उसने बताया कि लोगों को किसी का निधन होने पर लोहे का पुल पार कर श्मशान घाट जाना पड़ता है। अब तक खेल मैदान नहीं बना। गंदगी से लोग परेशान हैं। आसपास कई शराब ठेके खुल गए, जिससे महिलाओं का आना जाना मुश्किल हो गया है। बीकानेर चौक लंबे समय से बंद पड़ा है। इस पर विधायक ने कहा कि उन्हें कार्यभार संभाले ढाई वर्ष हुए हैं। ये समस्याएं पहले से मौजूद हैं। इस पर सुंदर ने कहा कि जब भी आपसे मिलने गए तो बताया गया कि आप चंडीगढ़ में हैं। आपके ही लोग मिलने नहीं देते। इस पर विधायक कुछ नहीं कह पाए। विधायक के आश्वासन के बाद भी लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ।