{"_id":"5f8b8c7f8ebc3e9ba007ccb5","slug":"grap-rules-are-flying-in-dust-and-smoke","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमर उजाला पड़तालः धूल और धुएं में उड़ रहे हैं ग्रेप के नियम, जर्जर सड़कों से जीना मुहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अमर उजाला पड़तालः धूल और धुएं में उड़ रहे हैं ग्रेप के नियम, जर्जर सड़कों से जीना मुहाल
Sun, 18 Oct 2020 05:59 AM IST
दुष्यंत शर्मा
किशन कुमार, नई दिल्ली
किशन कुमार, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 18 Oct 2020 05:59 AM IST
विज्ञापन
संजय झील के पास जलाया कूड़ा...
- फोटो : amar ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण प्राधिकरण (ईपीसीए) की ओर से बीते 15 अक्तूबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के लागू होने के बाद भी दिल्ली के तीनों नगर निगम क्षेत्रों में पर्यावरण नियमों की अनदेखी हो रही है। शनिवार को कई क्षेत्रों में कहीं धूल के गुबार तो कई जगहों में कचरा जलाने का धुआं दिखा।
विज्ञापन
प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बरतने पर शुक्रवार को ही दिल्ली सरकार ने उत्तरी निगम पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इससे पहले भी उत्तरी निगम पर भलस्वा लैंडफिल साइट पर पर्यावरण नियमों की अनदेखी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बाद भी तीनों नगर निगम के इलाकों में प्रदूषण को लेकर हीलाहवाली देखी जा रही है। इस कड़ी में सबसे अधिक बुरा हाल पूर्वी निगम का है जहां दिन में ही विभिन्न जगहों पर कूड़ा जलता हुआ पाया गया है। इसके अलावा जर्जर सड़कों से उड़ रही धूल भी प्रदूषण का एक अहम कारक है।
विज्ञापन
संजय झील, उस्मानपुर में कई जगहों पर जलाया जा रहा था कूड़ा
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर लापरवाही पाई गई। संजय झील के पास खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा था। उस्मानपुर पुस्ते के पास भी कूड़ाजलाने की घटनाएं देखने को मिलीं। यह हालत तब है जब एक दिन पहले ही उत्तरी निगम पर खुले में कूड़ा जलाने पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना हो चुका है। इसके अलावा पूर्वी निगम के अंतर्गत आने वाले शास्त्री पार्क इलाके में खुले में पूरी सड़क पर मलबा बिखरा हुआ पाया गया। इस वजह से यहां पूरे दिन धूल उड़ने के हालात बने रहते हैं। यही कारण है कि स्थानीय निवासियों से लेकर सड़क से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
सागरपुर में खुले में दिखा मलबा
सागरपुर इलाके में विभिन्न जगहों पर खुले में मलबा पाया गया। इस वजह से यहा आने जाने वाले लोगों को धूल के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा आसपास की जर्जर सड़क होने के कारण यहां दिन भर धूल उड़ने के हालात बने रहते हैं। लोगों की माने तो मना करने के बाद भी आसपास के लोग मलबा लाकर डाल देते हैं। इस तरह की घटनाएं अधिकतर रात में चोरी छिपे की जाती है। जबकि खुले में मलबा डालने पर सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार पांच हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
पहाड़गंज इलाके में पानी के छिड़काव की व्यवस्था नहीं
पहाड़गंज इलाके में सड़क किनारे खुदाई कर मिट्टी से भराव किया गया था,लेकिन भराव को ऊपर से पक्का ना किए जाने की वजह से आसपास से निकलने वाली गाड़ियों से यहां दिनभर धूल उड़ रही थी। वहीं, दूसरी ओर निगम द्वारा भी यहां पानी के छिड़काव को लेकर कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। स्थानीय लोगों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से यहां इसी प्रका रहालात बने हुए हैं। इस कारण यहां से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्या कहती है आरडब्ल्यूए
पूर्वी दिल्ली आरडब्ल्यूए ज्वाइंट फ्रंट के अध्यक्ष बीएस वोहरा ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के अंतर्गत आने वाले रोड नंबर 57 के साथ में बह रहे नाले में आए दिन लोग कूड़ा डाल देते हैं।वहीं, इस वजह से आए दिन यहां पर कूड़ा जलने की भी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं, विभिन्न आरडब्ल्यूए के संगठन यूनाइटेड रेजिडेंट ज्वाइंट एक्शन( ऊर्जा) के अध्यक्ष अतुल गर्ग ने कहा कि राजधानी में प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए राज्य और निगम दोनों को काम करने की आवश्यकता है। इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भी अहम भूमिका है। वहीं, यदि संसाधनों की कमी है तो इसको लेकर भी राज्य सरकार और निगमों को अपने स्तर पर तैयारी करनी चाहिए।
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त टीम गठित की गई है। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रदूषण नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
-अनामिका, महापौर, दक्षिणी नगर निगम
प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी पार्षदों को पत्र लिखा गया है। पार्षदों व अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा रात्रि गश्त टीम लगातार निगरानी कर रही है।
-निर्मल जैन, महापौर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम
प्रदूषण से निपटने के लिए वॉटर स्प्रिंकलर, जेटिंग मशीन और मेकेनिकल स्वीपर मशीन काम कर रही है। इसके अलावा छह जोन के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। जो कूड़ा जलने और मलबा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
-जयप्रकाश, महापौर, उत्तरी नगर निगम