बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही: हाइटेंशन लाइन के टूटे तार की चपेट में आने से युवक की मौत, लोगों ने किया हंगामा
युवक की मौत के बाद परिजन शव को लेकर घर पहुंचे और ऊर्जा निगम के एसडीओ व जेई को मौके पर बुलाया, लेकिन दोनों में से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। गुस्साए लोगों ने शव बिजलीघर के सामने रखकर जमकर हंगामा किया।
विस्तार
हाइटेंशन लाइन के टूटे तार से करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने शव बिजलीघर के बाहर रखकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों की लापरवाही से आए दिन हादसे हो रहे हैं। मौके पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान और पुलिस व ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सोमवार रात को चांदपुर रोड पर 11 केवीए लाइन का तार टूट गया। तार टूटने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों की ओर से सप्लाई बंद नहीं कराई गई। जिसके चलते मौके से गुजर रहा 19 वर्षीय रोहित निवासी चांदपुर रजवाहा रोड करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रोहित की मौत के बाद पीड़ित परिजन शव को लेकर घर पहुंचे और ऊर्जा निगम के एसडीओ व जेई को मौके पर बुलाया, लेकिन दोनों में से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके चलते गुस्साए लोगों ने शव को लेकर चांदपुर बिजलीघर के सामने रख दिया और जाम लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर जाम की सूचना पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने लोगों को समझाया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। जिसके बाद ऊर्जा निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नियमानुसार मुआवजा देने के लिए परिजनों को आश्वस्त किया। इसके बाद देर रात लोगों ने जाम खोला। वहीं मृतक रोहित के पिता गंगाशरण की शिकायत पर पुलिस ने ऊर्जा निगम के एसडीओ और जेई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
झूलते तारों के कारण ट्रक में उतरा था करंट
अमरगढ़-खानपुर रोड पर झूलते हाईटेंशन लाइन के तारों के ट्रक से टकराने के चलते सोमवार को बड़ा हादसा हुआ था। हादसे में ट्रक सवार मजदूर की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि चालक समेत चार लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद भी ऊर्जा निगम के अधिकारी तारों को ऊंचा कराने, जर्जर तारों को बदलने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
हादसे की जानकारी मिली है। विद्युत सुरक्षा की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मदद दी जाएगी। - एसके पांडे, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम
मामले में शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। -विकास प्रताप सिंह चौहान, सीओ सिटी