बंदरों से पंगा पड़ा भारी: भगाने के लिए की राइफल से की फायरिंग, छत पर खड़ी महिला के दोनों घुटनों पर लगी गोली
बंदरों को भगाने के लिए पड़ोसी ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी। जिसकी चपेट में आने से पड़ोस की महिला घायल हो गई। गोली सीधे उसकी दोनों टांगों में लगी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
विस्तार
मसूरी में बंदरों को भगाने के लिए चलाई गई राइफल की गोली से एक महिला घायल हो गई। पड़ोस की छत पर खड़ी महिला की दोनों टांगों में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मसूरी के मुगल गार्डन में सद्दाम के मकान में किरायेदार वाहिद पुत्र शौकत मूल निवासी शाहजहांपुर किठौर मेरठ अपनी पत्नी गुलिश्तां के साथ रहते हैं, वाहिद ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 29 जनवरी दोपहर साढ़े 3 बजे उनकी पत्नी गुलिश्तां अपने मकान की छत पर खड़ी थी। तभी पड़ोस में रहने वाले लुकमान ने अपने घर की छत से बन्दरों के ऊपर अपनी लाइसेंसी राइफल से फायर कर दी।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि घायल महिला के पति वाहिद निवासी मुगल गार्डन मसूरी ने अपने पड़ोस में रहने वाले लुकमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसकी लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली है, अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।