Video: उधारी के पैसे मांगने पर साली ने जीजा को पीटा, जाते-जाते कही ओछी बात; CCTV कैमरे में कैद हुई पिटाई
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे झूठे केस में जेल भिजवाने और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाने की धमकी दी, जिससे वह और उसका परिवार डरा हुआ है।
विस्तार
यूपी के मोदीनगर के कादराबाद इलाके में उधारी के पैसे मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर साले और उसकी बहन ने जीजा के साथ गाली-गलौच करते हुए जमकर मारपीट की। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
आठ महीने पहले लिए थे रुपये
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब आठ महीने पहले उसके साले सलमुद्दीन पुत्र छज्जन, निवासी ग्राम तठीना, थाना लोहियानगर, मेरठ ने अपनी बहन की शादी के लिए उससे 1 लाख 20 हजार रुपये उधार लिए थे। एक महीने में रकम लौटाने का वादा किया गया, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए गए। पीड़ित के अनुसार, वह लगातार टालमटोल करता रहा और करीब छह महीने बीत गए।
जीजा की दुकान पर जाकर पीटा
पीड़ित का आरोप है कि 23 दिसंबर 2025 को सलमुद्दीन अपनी बहन संजीदा (निवासी ग्राम काशी, थाना परतापुर, मेरठ) के साथ उसकी जीटी रोड, कादराबाद स्थित दुकान पर पहुंचा। यहां दोनों ने पहले गाली-गलौच की और फिर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि उसे पैसे मांगने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे झूठे केस में जेल भिजवाने और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाने की धमकी दी, जिससे वह और उसका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने खुद को कानून में आस्था रखने वाला और सीधा-सादा व्यक्ति बताते हुए पुलिस से जान-माल की सुरक्षा, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और उधार की रकम वापस दिलाने की मांग की है।