Ghaziabad: समय से दफ्तर न पहुंचने वाले निगम कर्मियों पर गिरी गाज, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
नगर निगम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने औचक निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों में कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निगम में समय से दफ्तर न पहुंचने वाले लेट लतीफ अफसरों और कर्मचारियों को देखने के लिए सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न पटल और विभागों में बाबुओं व कंप्यूटर ऑपरेटरों की कुर्सियां खाली देख वह भड़क गए। उन्होंने तुरंत उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर जांच की और अनुपस्थित मिले अधिकारी व कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर वरिष्ठ प्रभारी अधिष्ठान व अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव भी मौजूद रहे।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि मुख्यालय और जोनल कार्यालयों में वैसे तो अधिकांश स्टाफ समय पर आकर अपना कार्य करता है, लेकिन पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य, पेंशन, आरटीआई और संपत्ति विभाग के कर्मचारियों द्वारा समय पर सीट पर न बैठने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी शिकायत के आधार पर सोमवार सुबह यह औचक कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान सामान्य अधिष्ठान के दो लिपिक, पेंशन विभाग के दो बाबू, विधि विभाग का एक लिपिक व अन्य विभागों के स्वास्थ्य, निर्माण और लेखा विभाग के कई अनुपस्थित कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर गायब रहे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा कि जन सुविधाओं और समस्याओं के समाधान के लिए जो भी वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण या भ्रमण पर जाते हैं, उन्हें अब अपने दौरे की जियो-टैग फोटो मुख्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इससे फील्ड में जाने वाले अधिकारियों की वास्तविक लोकेशन और समय का सही पता लग सकेगा। नगर आयुक्त की इस औचक कार्रवाई से पूरे निगम परिसर में हड़कंप मचा रहा।