जरा संभल केः आज बंद रहेंगे ये 4 मेट्रो स्टेशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीएमआरसी ने देर रात दिल्ली पुलिस के निर्देश पर मंगलवार को फिर से चार मेट्रो स्टेशनों के गेट को पूरी तरह से बंद रखने की घोषणा की है।
पटेल चौक, उद्योग भवन, रेस कोर्स और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी।
बदरपुर लाइन से केंद्रीय सचिवालय की लाइन पर ट्रेन केन्द्रीय सचिवालय तक आने की बजाय खान मार्केट पर ही समाप्त कर दी जाएगी।
इसकी वजह से यात्रियों को केन्द्रीय सचिवालय स्टेशन पर बदरपुर लाइन और गुड़गांव से जहांगीरपुरी लाइन के लिए इंटरचेंज की सुविधा नहीं मिलेगी।
मंगलवार को भी थे बंद, पर क्यों?
ऑफिस टाइम में केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, रेस कोर्स, पटेल चौक के गेट बंद रहने से यात्रियों को दिक्कत हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दिल्ली पुलिस के खिलाफ गृहमंत्रालय के बाहर विरोध धरना आम लोगों की मुसीबत बन गया।
ऑफिस टाइम में मेट्रो के चार मुख्य स्टेशन बंद होने से हजारों सरकारी कर्मी हफ्ते के पहले ही दिन लेट पहुंचे तो रूट बंद होने के चलते कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
हालांकि दोपहर बाद पटेल चौक व रेस कोर्स को खोल दिया गया। हालांकि मंगलवार को फिर से ये चारो स्टेशन सुबह से ही बंद रहेंगे।
केजरीवाल मंत्रिमंडल सोमवार सुबह दिल्ली पुलिस के तीन अधिकारियों के निलंबन की मांग को लेकर गृहमंत्रालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने वाला था।
डीएमआरसी ने दिल्ली पुलिस के निर्देश पर नई दिल्ली इलाके के उद्योग भवन, रेस कोर्स, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट सुबह 9 बजे ही बंद कर दिए थे। केंद्रीय सचिवालय पर मेट्रो रुक रही थी थी लेकिन सरकारी कर्मियों को ही गेट नंबर दो से आईकार्ड देखकर बाहर निकलने दिया जा रहा था।
रेसकोर्स व पटेल चौक स्टेशन 2.14 बजे खोले गए, हालांकि केंद्रीय सचिवालय व उद्योग भवन मंगलवार सुबह दस बजे तक बंद रहेंगे।
क्या कहा लोगों ने?
मेरा ऑफिस उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन से नजदीक है, लेकिन मेट्रो न रूकने के चलते अब केंद्रीय सचिवालय से लौटकर आना पड़ा। अक्सर किसी न किसी मुद्दे पर इन मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया जाता है। हमें ही सबसे अधिक परेशानी होती है। अब न तो बस मिलेगी और न ही ऑटो। -इंदू, सीपीडब्लयूडी, उद्योग भवन
मुझे उतरना तो रेस कोर्स था, लेकिन अब केंद्रीय सचिवालय से ऑटो लेकर वापस जाना होगा। ऑटो वाले मनमाना किराया लेंगे और अब ट्रैफिक जाम के चलते पता नहीं, किस रास्ते से ट्रैफिक पुलिस घूमाकर भेजेगी। हफ्ते के पहले दिन ऑफिस लेट पहुंचें। -अनिल कुमार, सरकारी कर्मी
मेरा ऑफिस निर्माण भवन है, लेकिन बाहर आने के लिए लंबी लाइन और आईकार्ड दिखाना पड़ा। ऑफिस लेट पहुंचने के साथ अब शाम को जाने की भी टेंशन रहेगी कि पता नहीं स्टेशन खुला होगा या नहीं। क्योंकि जब भी स्टेशन बंद होते हैं तो शाम को हमें राजीव चौक ऑटो लेकर मेट्रो पकड़नी पड़ती है। -मोना, सरकारी कर्मी
मैं नोएडा से बस पकड़कर केंद्रीय सचिवालय पहुंची, ताकि गुडगांव जाने के लिए हुड्डा सिटी सेंटर जाने वाले मेट्रो ले सकूं। यहां पर आकर पता चला कि स्टेशन के अंदर नहीं जा सकते हैं। बस और ऑटो दोनों ही नहीं मिल रहे हैं। राजीव चौक तक मेट्रो लेने के लिए कैसे जाऊं, यही सबसे बड़ी परेशानी है। -काम्या, यात्री, नोएडा
एक बजे गलती से खुल गए गेट!
डीएमआरसी ने चारों मेट्रो स्टेशन मैनेजर को सुबह 9 से दोपहर एक बजे गेट बंद रखने के निर्देश दिए थे, जिसके तहत केंद्रीय सचिवालय को छोड़कर अन्य मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन रोकने की मनाही थी। सर्कुलर के तहत दोपहर एक बजते ही सीआईएसएफ स्टाफ ने गेट खोल दिए। हालांकि डीएमआरसी को सूचना मिलते ही प्रबंधन ने करीब 15 से 25 मिनट के बाद दोबारा गेट बंद करवा दिए।