पूर्व एमएलसी समेत दो भाजपा नेताओं पर अपहरण की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज
भाजपा नेता पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी और हापुड़ जिला पंचायत अध्यक्ष के पति राजेंद्र कुमार ने जिला पंचायत सदस्य के पति से मारपीट कर अपहरण की कोशिश की। दोनों सदस्य के पति को गाड़ी में डालकर ले गए।
शोर मचाने पर उन्होंने कविनगर थाने ले जाकर छोड़ दिया। पीड़ित की पत्नी ने मसूरी थाने में दोनों भाजपा नेताओं को नामजद कर 10-12 अज्ञात लोगों पर अपहरण की कोशिश समेत कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं, भाजपा नेताओं ने भी अपहरण के आरोपों को निराधार बताते हुए जिला पंचायत सदस्य के पति के खिलाफ शिकायत दी है।
हापुड़ जिला पंचायत के वार्ड-4 की सदस्या आर्या कटारिया के पति सचिन कटारिया मसूरी थाना क्षेत्र के मिसलगढ़ी में हार्डवेयर व पेंट की दुकान चलाते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सचिन अपनी दुकान पर बैठे थे।
सचिन के मुताबिक इसी दौरान भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी और हापुड़ जिला पंचायत अध्यक्ष अमृता कुमार के पति राजेंद्र कुमार 10-12 अन्य लोगों के साथ उनकी दुकान पर आए। उन्होंने कोल्ड ड्रिंक पिलाई।
सचिन ने अभी तक जिला पंचायत सदस्य का प्रमाण पत्र न दिए जाने की बात कही तो वह पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में वोट न देने की बात कहकर कहासुनी करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
सचिन का आरोप है कि प्रशांत चौधरी के दो सरकारी व एक प्राइवेट गनर ने पिटाई की और उसे जबरन अपनी गाड़ी में डाल लिया। वह उसे मुरादनगर की ओर ले जाने लगे। शोर मचाने पर बाद में वह उसे कविनगर थाने ले गए और यहां छोड़कर खुद भाग गए।
इसके बाद कविनगर से वह मसूरी थाने पहुंचे। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य आर्या कटारिया की तहरीर पर पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी, हापुड़ राजेंद्र कुमार समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण के प्रयास और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़ित को चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।
चुनाव के दौरान राजेंद्र कुमार से सचिन ने 15 लाख रुपये लिए थे। यह रकम उनके ऑफिस में बैठकर दी गई थी। अब सचिन इस रकम को लौटा नहीं रहा है। मंगलवार को उसी रकम का तकादा करने गए थे, लेकिन रुपये न देने पड़े इसके लिए सचिन ने यह ड्रामा किया है। - प्रशांत चौधरी, पूर्व एमएलसी
उधारी के 15 लाख रुपये मांगने की वजह से सचिन ने झूठे आरोप लगाए हैं। अपने जीवन में किसी को गाली भी नहीं दी, मारपीट और अपहरण की बात तो बहुत दूर की है। - राजेंद्र कुमार, भाजपा नेता