{"_id":"66292daf09d870c3e00b0f59","slug":"farmers-of-tamil-nadu-demonstrated-at-jantar-mantar-in-delhi-with-their-demands-2024-04-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"टावर पर चढ़ा किसान: मांगें न मानीं तो PM के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव, दिल्ली में तमिलनाडु के किसानों का प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टावर पर चढ़ा किसान: मांगें न मानीं तो PM के खिलाफ लड़ेंगे चुनाव, दिल्ली में तमिलनाडु के किसानों का प्रदर्शन
Wed, 24 Apr 2024 09:49 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: श्याम जी.
Updated Wed, 24 Apr 2024 09:49 PM IST
सार
दिल्ली के जंतर-मंतर पर तमिलनाडु के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक किसान ने मोबाइल टावर पर चढ़ने की कोशिश की। किसानों का कहना है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
विज्ञापन
टावर पर चढ़ा किसान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तमिलनाडु से आए किसानों ने बुधवार को अपनी मांगे मनवाने के लिए अनूठा तरीका अपनाया। एक प्रदर्शनकारी ने मोबाइल टावर पर चढ़ने की कोशिश की। इनकी मांग फसलों के बेहतर दाम और नदी जोड़ने को लेकर थी। दिल्ली पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि तमिलनाडु के कई किसान जंतर-मंतर पर एकत्र हुए, जिनमें से कुछ ने पास के पेड़ों और एक ने मोबाइल टावर पर चढ़ने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनमें से एक किसान को मोबाइल टावर से जमीन पर उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की क्रेन का इस्तेमाल किया।
विज्ञापन
नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि नदियों को जोड़ने की मांग को लेकर तमिलनाडु से करीब 50 लोग आए हैं। उनमें से दो ने मोबाइल टावर पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हुए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पेड़ों पर चढ़ने की कोशिश की। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें प्रदर्शन के बारे में फोन आया और वे स्काई लिफ्ट लेकर मौके पर पहुंचे और किसानों को मोबाइल टावर से हटाया गया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि तमिलनाडु से करीब 100 किसानों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। किसानों ने बताया कि वे कृषि उपज से अपनी आय दोगुनी करने, पांच हजार रुपये पेंशन, व्यक्तिगत बीमा और भारत की सभी नदियों को आपस में जोड़ने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
विज्ञापन