फरीदाबाद में बड़ा हादसा: बेसमेंट की खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, दो मजदूर दबे; हरदोई का मनसुख नहीं बच सका
मृतक मजदूर की पहचान मनसुख के रूप में हुई है। मिट्टी के नीचे दबे एक अन्य मजदूर राजेश को उसके साथियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मनसुख उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव अधैया श्रीमऊ सोढ़ी का रहने वाला था। वह प्लॉट नंबर-856, सेक्टर-69 आईएमटी स्थित निर्माणाधीन फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था।
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित आईएमटी सेक्टर-69 स्थित एक निर्माणाधीन फैक्टरी में बड़ा हादसा हुआ। बेसमेंट की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक मजदूर की जान चली गई। यह घटना गुरुवार 18 जून को शाम करीब 5:40 बजे हुई।
यूपी के हरदोई का रहने वाला था मनसुख
मृतक मजदूर की पहचान मनसुख के रूप में हुई है। मिट्टी के नीचे दबे एक अन्य मजदूर राजेश को उसके साथियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मनसुख उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव अधैया श्रीमऊ सोढ़ी का रहने वाला था। वह प्लॉट नंबर-856, सेक्टर-69 आईएमटी स्थित निर्माणाधीन फैक्टरी में मजदूरी कर रहा था। घटना के समय मनसुख के साथ राजेश, सुनील और वर्मा शंकर भी कार्यस्थल पर काम कर रहे थे। शिकायतकर्ता अंकित ने पुलिस को बताया कि निर्माणाधीन दीवार के पास काम करते समय अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई। इससे मनसुख और राजेश मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बचाव कार्य और मौत
मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत राजेश को मिट्टी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, मनसुख को नहीं बचाया जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मनसुख के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। ठेकेदार, सुपरवाइजर और आर्किटेक्ट के खिलाफ 18 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।