निकिता हत्याकांड: एक साल पूरा, परिजनों ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा
निकिता की याद में परिवार ने मंगलवार को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया है। 26 अक्तूबर साल 2020 में बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा की उसके कॉलेज के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
विस्तार
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में हुए निकिता तोमर हत्याकांड को सोमवार को एक साल पूरा हो गया है। निकिता की याद में परिवार ने मंगलवार को एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया है। 26 अक्तूबर साल 2020 में बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा की उसके कॉलेज के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में चल रही है। सेशन कोर्ट ने सोहना निवासी रेहान और तौसीफ को हत्या का दोषी करार देते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई है।
श्रद्धांजलि सभा में परिवार और उसके स्कूल के दोस्तों ने निकिता को पुष्पांजलि दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा। सभी लोगों ने निकिता की तस्वीर के आगे पुष्प अर्पित कर उसे श्रद्धांजलि दी।
यह था मामला
हरियाणा के बल्लभगढ़ में परिवार के साथ रह रही उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी निकिता तोमर पिछले साल 26 अक्तूबर दोपहर को परीक्षा देकर कॉलेज के बाहर निकली तो तौसिफ ने अपने दोस्त रेहान के साथ मिलकर निकिता को पहले जबरदस्ती अपनी कार में बिठाने की कोशिश की, जब वह नहीं मानी तो तौफीक ने उसे गोली मार दी थी। बाद में अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। उसी दिन पुलिस ने तौसीफ सहित अन्य युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी थी। 26 मार्च को फरीदाबाद की फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने तौसिफ और रेहान को मामले में दोषी करार देते हुए दोनों को आजीवन कारावास की सजा के साथ 20,000 रुपये जुर्माने की सजा सुना दी थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था हत्याकांड का वीडियो
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें तौसीफ निकिता को जबरदस्ती कार में खींचने की कोशिश कर रहा है और उसके मना करने पर वह निकिता को गोली मारते दिख रहा है। पास में ही निकिता की सहेली भी खड़ी थी।